आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दर्शकों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. फ्रेंचाइजी ने करीब 7 करोड़ रुपये खर्च कर भीड़ प्रबंधन सिस्टम को पूरी तरह अपग्रेड किया है. यह फैसला पिछले साल 4 जून 2025 को हुई दर्दनाक घटना के बाद लिया गया है, जब टीम की खिताबी जीत के जश्न के दौरान भगदड़ मच गई थी और 11 लोगों की जान चली गई थी. इस हादसे के बाद कर्नाटक सरकार और हाई कोर्ट को दखल देना पड़ा था.
AI कैमरे और नया कमांड सेंटर
RCB के सीईओ राजेश मेनन ने प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि स्टेडियम में अब AI बेस्ड CCTV कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे स्टेडियम के अंदर, बाहर और हर स्टैंड को कवर करेंगे. पूरा सिस्टम “जार्विस” नाम के AI टूल से जुड़ा है, जो रियल टाइम में भीड़ की गिनती करेगा और अलर्ट देगा. इसकी लाइव फीड पुलिस कमिश्नर ऑफिस को भी मिलेगी, ताकि हर स्थिति पर नजर रखी जा सके.
हादसे के बाद सख्त कदम
पिछले साल हुई भगदड़ के बाद कर्नाटक सरकार और हाई कोर्ट के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया. इसी वजह से इस साल RCB का मशहूर प्री-सीजन ‘अनबॉक्स’ इवेंट भी रद्द कर दिया गया. राजेश मेनन ने कहा कि 4 जून के बाद से टीम ने युद्ध स्तर पर काम किया है और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आईपीएल शुरू होने से पहले टीमों में हड़कंप! KKR और SRH की टीम से बाहर हुए ये सूरमा
एंट्री-एग्जिट में बड़े बदलाव
नए नियमों के तहत—
* स्टेडियम के सभी गेट मैच से 4 घंटे पहले खुलेंगे
* एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को फिर से डिजाइन किया गया है
* मैच के दिन टिकट धारकों को मेट्रो सुविधा मिलेगी
* पार्किंग पहले से बुक करनी होगी
BCCI-KSCA-RCB के बीच नया समझौता
बीसीसीआई, कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन और RCB के बीच नया एग्रीमेंट किया गया है. अब KSCA भी इवेंट का को-ऑर्गेनाइजर होगा और इमरजेंसी प्लानिंग व SOPs लागू करेगा. पहले RCB ही पूरे आयोजन की जिम्मेदारी संभालती थी.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Schedule: आईपीएल का शेड्यूल जारी, पहले मैच में RCB से बेंगलुरु में भिड़ेगी SRH, जानें बाकी मैचों की पूरी डिटेल
कब है पहला मैच?
RCB अपना पहला होम मैच शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी. इस सीजन में टीम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुल 5 मैच खेलेगी.
aajtak.in