भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर चल रही सारी अटकलों पर अब विराम लग गया है. हाल ही में उनका बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE), बेंगलुरु जाना किसी नई चोट की वजह से नहीं, बल्कि एक तय प्लान का हिस्सा था.
दरअसल, जब बुमराह CoE पहुंचे और मुंबई इंडियंस के प्री-सीजन कैंप में शामिल नहीं हुए, तो सोशल मीडिया पर फैंस थोड़ा घबरा गए थे. लेकिन अब साफ हो गया है कि ये कोई चिंता वाली बात नहीं, बल्कि उनकी फिटनेस को बनाए रखने के लिए पहले से प्लान किया गया प्रोग्राम है.
रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की मेडिकल टीम ने बुमराह के लिए CoE में खास प्रोग्राम तैयार किया है. इसका मकसद है कि वो जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे (5 T20 और 3 ODI मैच) के लिए पूरी तरह फिट रहें.
सबसे अच्छी खबर ये है कि बुमराह ने बेंगलुरु में अपनी गेंदबाजी प्रैक्टिस जारी रखी है और वो पूरी तरह फिट हैं. उम्मीद है कि वो जल्द ही मुंबई इंडियंस टीम से जुड़ जाएंगे और 29 मार्च को केकेआर के खिलाफ पहले होम मैच में खेलते नजर आ सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बुमराह की बॉलिंग से धोनी की बैटिंग तक... AI से ट्रैकिंग! IPL की तैयारी दंग कर देगी
वर्ल्ड कप में बुमराह शानदार लय में थे
BCCI की सावधानी की वजह भी साफ है. बुमराह ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था और 14 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे थे. 2025 में बैक सर्जरी से वापसी के बाद BCCI उनके वर्कलोड को लेकर काफी सतर्क है. पिछले कुछ महीनों में उन्होंने वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज और फिर वर्ल्ड कप में लगातार खेला है, इसलिए अब उन्हें थोड़ा मैनेज किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आईपीएल शुरू होने से पहले टीमों में हड़कंप! KKR और SRH की टीम से बाहर हुए ये सूरमा
मुंबई इंडियंस के लिए बुमराह उनकी बॉलिंग यूनिट की सबसे बड़ी ताकत हैं. पिछले सीजन में भी उन्होंने 12 मैच में 18 विकेट लिए थे और उनकी इकॉनमी सिर्फ 6.67 रही थी.
IPL 2026 में, खासकर वानखेड़े जैसे बल्लेबाजी के लिए आसान मैदान पर, डेथ ओवर्स में उनकी गेंदबाजी टीम के लिए बहुत अहम रहने वाली है.
aajtak.in