उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव रामखेड़ी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस कस्टडी में मौजूद एक युवती को उसके ही छोटे भाई ने गोली मार दी. घटना उस समय हुई जब पुलिस युवती को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी फतेहपुर लेकर पहुंची थी. जानकारी के मुताबिक, युवती को अस्पताल परिसर में लाया गया था और वह पुलिस वाहन में बैठी हुई थी. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी. गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तुरंत घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. एसएसपी अभिनंदन के अनुसार, जैसे ही युवती को मेडिकल के लिए लाया गया, तभी उसके दोनों सगे भाई रवि और मोंटी बाइक से वहां पहुंचे और उस पर फायर कर दिया.