यूपी में सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति ने नशीला पदार्थ देकर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी. आरोप है कि वारदात के बाद महिला के पति ने अपने दामाद को फोन कर कहा था कि मैं तेरी सास को मार आया हूं, और इसके बाद वह फरार हो गया. सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा तो महिला घर के अंदर मृत अवस्था में मिली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.