दरभंगा हवाई अड्डे से अकाशा एयरलाइंस ने बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू कर दी है. लंबे समय से प्रतीक्षित इस सेवा का शुभारंभ सांसद गोपाल जी ठाकुर ने पहले यात्री को टिकट देकर किया. नई उड़ान शुरू होने से दरभंगा और मिथिलांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सफर का समय भी बचेगा. सांसद ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और इससे व्यापार, शिक्षा व रोजगार के नए अवसर खुलेंगे. नई सेवा शुरू होने पर विधायक संजय सरावगी ने भी खुशी जताई और इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होना बताया. नेताओं ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच की सराहना की. उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट लगातार यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में इससे पूरे मिथिलांचल को बड़ा लाभ मिलेगा.