बांदा में खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वायरल वीडियो में युवक तेज रफ्तार लाल स्पोर्ट बाइक चलाते हुए दोनों हाथ छोड़कर स्टंट करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो जिला मुख्यालय क्षेत्र का है. एक अन्य वीडियो में दो बाइक सवार पॉश इलाके में रेस लगाते और सड़क पर लहराते हुए स्टंट करते दिखाई देते हैं. स्टंट के दौरान आसपास मौजूद लोग अपनी सुरक्षा के लिए किनारे हटते नजर आए. युवकों ने रील बनाने के लिए वीडियो में गाना लगाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग की. एसपी पलाश बंसल के मीडिया सेल ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर ट्रैफिक पुलिस को जांच और आरोपियों की पहचान के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे जानलेवा स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.