ओडिशा के जाजपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें शादी से लौट रहे 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो वाहन ने पीछे से एक हाइवा ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए. यह घटना जेनापुर थाना क्षेत्र के तहत बारदा बेहेरा टंकी चौक के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, सभी लोग बदाचना ब्लॉक के पुरुषोत्तमपुर सबरा साही गांव के निवासी थे. वो केओंझार में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है.