भारत ने कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल पृथ्वी-2 का मंगलवार को ओडिशा तट के परीक्षण रेंज से सफल ट्रेनिंग लॉन्च किया है. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मिसाइल ने 'हाई एक्यूरेसी' के साथ अपने लक्ष्य को भेदा है. बयान में कहा गया है कि ओडिशा तट के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण केंद्र से 10 जनवरी को कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल पृथ्वी-2 का सफल प्रशिक्षण प्रक्षेपण किया गया है.
मंत्रालय ने कहा- पृथ्वी-2 मिसाइल भारत के परमाणु प्रतिरोध का एक अभिन्न अंग रही है. मिसाइल ने उच्च सटीकता के साथ अपने लक्ष्य को भेदा है. 'यूजर ट्रेनिंग लॉन्च' ने मिसाइल के सभी ऑपरेशनल और टेक्निकल पैरामीटर को सफलतापूर्वक मान्य किया. पृथ्वी-2 मिसाइल की मारक क्षमता लगभग 350 किलोमीटर है.
उच्च स्तर की सटीकता के साथ लक्ष्य भेदती है ये मिसाइल
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यजूर ट्रेनिंग ट्रायल के एक हिस्सा के रूप में स्वदेशी रूप से विकसित परमाणु-सक्षम मिसाइल का रात के समय भी सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया है. मिसाइल एक प्रोवेन सिस्टम है और बहुत उच्च स्तर की सटीकता के साथ लक्ष्यों को भेदने में सक्षम है.
2003 में भारत के सामरिक बल कमान में शामिल पृथ्वी II मिसाइल को DRDO द्वारा भारत के प्रतिष्ठित इंटीग्रेटेड गाइडेड मिसाइल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत विकसित किया गया था.
aajtak.in