घर में स्टोर रूम बेहद आवश्यक स्थान है. यहां घर का ऐसा समान रखा जाता है, जो कबाड़ हो चुका है और उसकी जरूरत नहीं पड़ती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ दिशाओं में स्टोर रूम का होना अच्छा होता है. वहीं कुछ स्थानों पर स्टोर रूम आपकी स्किल और याद्दाश्त को कमजोर कर सकता है. कुछ स्थान पर बना स्टोर रूम आपके जीवन में आने वाले अच्छे अवसरों को गायब कर सकता है तो कुछ जगह पर बना स्टोर रूप विवाद का कारण बन सकता है. इसलिए घर में स्टोर रूम कहां बनाएं, यह बहुत सोच-समझकर तय करना चाहिए. इस बात का विशेष खयाल रखें कि स्टोर रूम कहीं भी हो, लेकिन व्यवस्थित और साफ सुथरा हो तो बेहतर होगा.
किन दिशाओं का स्टोर है ज्यादा नकारात्मक
नॉर्थ-ईस्ट (ईशान कोण) इस दिशा में बना स्टोर रूम पारिवारिक विवाद का मुख्य कारण बन सकता है. यह स्थान देव स्थान और आपकी बुद्धि का स्थान है. यहां स्टोर रूम होने से आप कभी सही निर्णय नहीं ले पाएंगे. दिमाग में हमेशा एक भारीपन महसूस होगा. जीवन में लिए गए गलत निर्णय आपके आर्थिक नुकसान का कारण बन सकते हैं. आंख और दिमाग संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. परिवार के लोगों में आपसी कलह हो सकता है.
उत्तर दिशा कुबेर की दिशा है और आपके जीवन में आने वाले बेहतर अवसरों की. यदि यहां स्टोर रूम हो तो व्यक्ति के जीवन में अच्छे अवसरों का आना ही रुक जाता है. नौकरी छूट जाना या व्यापार में ग्राहकों की कमी होना जैसी समस्याएं आ सकती हैं. कई बार व्यक्ति आलसी भी हो जाता है और प्रयास करने बंद कर देता है.
साउथ-वेस्ट (दक्षिण-पश्चिम) दिशा में बना स्टोर रूम आपकी स्किल में जंग लगा सकता है, क्योंकि स्टोर रूम में हमेशा पुराना सामान ही रखा जाता है. इसलिए यहां स्टोर रूम का होना बहुत खराब है. यहां स्टोर रूम में कबाड़ रखा होने से व्यक्ति कभी किसी एक विधा में पारंगत नहीं हो सकता. यह दिशा आपकी स्किल की है.
वेस्ट-साउथ-वेस्ट (पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम) दिशा में बने स्टोर में रखा पुराना कबाड़ व्यक्ति की याद्दाश्त को कमजोर कर देता है. विशेषकर जिस घर में पढ़ने वाले बच्चे हों, ऐसे घर में साउथ-वेस्ट और वेस्ट-साउथ-वेस्ट का स्टोर रूम उनकी शिक्षा पर बहुत नकारात्मक प्रभाव डालता है. ऐसे में बच्चे पढ़ाई तो बहुत करते हैं, लेकिन भूल जाते हैं. घर के अन्य सदस्यों के साथ भी भूलने की समस्या हो सकती है.
अंशु पारीक