'मैं उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया', NEET परीक्षा से एक दिन पहले कोटा में छात्र की मौत, CCTV में कैद आखिरी पल

देश के कोचिंग हब कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं का जानलेवा दबाव एक बार फिर सामने आया है. नीट (NEET) की परीक्षा से महज 24 घंटे पहले उत्तराखंड के अल्मोड़ा छात्र ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

Advertisement
CCTV में टहलता दिखा छात्र, आखिरी पलों में हेडफोन लगाए था.(Photo:Screengrab) CCTV में टहलता दिखा छात्र, आखिरी पलों में हेडफोन लगाए था.(Photo:Screengrab)

चेतन गुर्जर

  • कोटा,
  • 04 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:58 AM IST

देश के प्रमुख कोचिंग हब कोटा में एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षा के दबाव के बीच एक छात्र की जान चली गई. NEET परीक्षा से ठीक एक दिन पहले एक कोचिंग स्टूडेंट दीक्षित ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वह अपने आखिरी पलों में सामान्य रूप से टहलता दिखाई देता है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, छात्र कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित लैंडमार्क इलाके के मातेश्वरी हॉस्टल में रहकर पिछले एक साल से तैयारी कर रहा था. वह मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा का निवासी था और करीब दो साल से कोटा में NEET की तैयारी में जुटा था.

सुबह 5 बजे तक सब सामान्य 

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दीक्षित शनिवार सुबह करीब 5 बजे हॉस्टल के गलियारे में हेडफोन लगाए टहलता दिख रहा है. इस दौरान वह पानी की बोतल भी भरता नजर आता है. कुछ देर बाद वह छठी मंजिल पर पहुंचा और वहीं से कूद गया.

सुसाइड नोट में झलकता दबाव

छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें उसने लिखा, ''मैं परिवार की कसौटी पर खरा नहीं उतर पाया. ऐसी पढ़ाई नहीं कर पाया जिससे NEET में चयन हो सके. मम्मी-पापा सॉरी… दोस्तों सहयोग के लिए धन्यवाद.'' नोट में अपराधबोध और अपेक्षाओं का बोझ साफ नजर आता है.

Advertisement

पिता बोले- कोई तनाव नहीं दिखा था

मृतक के पिता भूपेंद्र प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बातचीत 1 मई को हुई थी और तब वह बिल्कुल सामान्य लग रहा था. उन्होंने कहा, ''वह पढ़ाई में ठीक था, कभी किसी तनाव की बात नहीं की. मैं उसे परीक्षा के लिए लेने आने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई.'' उन्होंने यह भी बताया कि दीक्षित उनके तीन बेटों में सबसे छोटा था.

जांच में जुटी पुलिस

कुन्हाड़ी थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि शुरुआती सूचना गिरने की थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आत्महत्या की पुष्टि हुई. छात्र के व्यवहार में घटना से पहले कोई असामान्यता नजर नहीं आई. फिलहाल सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement