Video: 2100 कीलों पर लेटकर 17KM का सफर... श्याम भक्त की अटूट आस्था ने लोगों को चौंकाया

राजस्थान के सीकर में खाटूश्यामजी फाल्गुनी मेले के दौरान मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी सोनू 2100 लोहे की कीलों पर लेटकर 17 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं. वह रींगस से खाटूश्यामजी तक पेट के बल लेटकर आगे बढ़ रहे हैं. उनकी इस अनोखी भक्ति के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

Advertisement
कीलों की सेज पर लेटा श्याम भक्त.(Photo: Himanshu Sharma/ITG) कीलों की सेज पर लेटा श्याम भक्त.(Photo: Himanshu Sharma/ITG)

हिमांशु शर्मा

  • सीकर,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:39 PM IST

राजस्थान के सीकर में चल रहे बाबा श्याम के फाल्गुनी मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. इसी मेले के बीच मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ निवासी श्याम भक्त सोनू अपनी अनूठी और कठिन भक्ति के कारण देशभर में चर्चा का विषय बन गए हैं. सोनू 2100 लोहे की कीलों से बने लकड़ी के फंटे पर दंडवत लेटकर करीब 17 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं. उनकी इस साधना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसे देखकर लोग आश्चर्य और श्रद्धा से भर उठे हैं.

Advertisement

21 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित इस फाल्गुनी मेले में भक्ति के विभिन्न स्वरूप देखने को मिल रहे हैं. कोई भक्त हाथों में ध्वज लेकर यात्रा कर रहा है तो कोई दंडवत करते हुए बाबा के दरबार तक पहुंच रहा है. इसी बीच सोनू की यह अनोखी यात्रा सबसे अलग और विशेष मानी जा रही है. वह पिछले चार दिनों से रींगस से खाटूश्यामजी की ओर लोहे की कीलों पर लेटकर पेट के बल आगे बढ़ रहे हैं.

कीलों पर लेटकर पूरी कर रहे कठिन यात्रा

सोनू जिस फंटे पर लेटकर यात्रा कर रहे हैं, उसमें लगी कीलें करीब 5 इंच लंबी हैं और उनका कुल वजन लगभग 26 किलोग्राम बताया जा रहा है. इन्हीं कीलों पर लेटकर सोनू अपनी आस्था की यह कठिन परीक्षा दे रहे हैं. इस तरह की यात्रा को पेट पलायन कहा जाता है, जिसमें भक्त पूरी श्रद्धा और संकल्प के साथ दंडवत मुद्रा में आगे बढ़ता है.

Advertisement

श्याम भक्त सोनू ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से फाल्गुनी मेले में इसी तरह कठिन साधना करते हुए बाबा श्याम के दरबार में पहुंच रहे हैं. इस वर्ष भी वह एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम के दर्शन करने का संकल्प लेकर यात्रा कर रहे हैं. उनका कहना है कि उनकी एकमात्र मनोकामना है कि बाबा श्याम उन्हें हर वर्ष इसी तरह अपने दरबार में बुलाते रहें.

देखें वीडियो...

श्रद्धालुओं में आस्था और भावनाओं की लहर

सोनू की इस अद्भुत भक्ति को देखकर मार्ग में मौजूद श्रद्धालु भावुक हो रहे हैं. लोग उनके दर्शन कर रहे हैं, उनके पैर छू रहे हैं और जयकारों के साथ उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं. उनकी साधना को देखकर श्रद्धालुओं में आस्था और विश्वास और मजबूत हो रहा है.

सोनू की यह कठिन और अनोखी भक्ति अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके वीडियो और फोटो को देखकर लोग उनकी श्रद्धा और संकल्प की सराहना कर रहे हैं. यह यात्रा केवल एक साधना नहीं, बल्कि बाबा श्याम के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण का प्रतीक बन गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement