राजस्थान: बारिश के साथ कई जगह गिरे ओले, किसानों की बढ़ी टेंशन, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदला मौसम

Rajasthan Weather: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जयपुर समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है. एक तरफ जहां तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड लौट आई है तो वहीं, ओलावृष्टि से किसानों की टेंशन भी बढ़ गई है. ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है.

Advertisement
राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

aajtak.in

  • जयपुर,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:30 PM IST

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम ने अचानक करवट ली है. जयपुर समेत राज्य के 10 से अधिक जिलों में आज (बुधवार), 18 फरवरी सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है. दोपहर बाद जयपुर में अचानक अंधेरा छा गया और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई. वहीं, चार जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है.

Advertisement

ओलावृष्टि से किसानों की बढ़ी चिंता
ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है. खासकर उन क्षेत्रों में जहां रबी की फसल तैयार है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़ और चूरू में हल्की बारिश हुई है. जबकि नागौर में कुछ स्थानों पर ओले गिरे हैं. श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री की गिरावट के साथ 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में करीब 11 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है.

सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों तक तापमान में 2-4 डिग्री की कमी बनी रह सकती है. मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, आज इस सिस्टम का सबसे अधिक असर उत्तर-पूर्वी हिस्सों में रहेगा. हालांकि, 19 फरवरी के बाद मौसम साफ होने और तापमान में फिर बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. फरवरी के दूसरे सप्ताह में बढ़ती गर्मी के बीच आई इस बारिश ने एक बार फिर सर्द हवाओं का एहसास करा दिया है.

Advertisement

मौसम विभाग ने बताया कि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में अच्छी बारिश दर्ज की गई है.इस दौरान जयपुर संभाग के नारायणा इलाके में सबसे ज्यादा 27 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके बाद पश्चिमी राजस्थान के नोहर और हनुमानगढ़ में 20-20 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है. बारिश के कारण इन इलाकों में तापमान में काफी गिरावट आई है. लोग अब फिर से ठंड महसूस कर रहे हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार यानी 19 फरवरी को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है. हालांकि, पूर्वी राजस्थान में 19 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सर्दियों की बारिश का मुख्य कारण होता है. इस बार इसने राजस्थान के कई जिलों में अच्छी फुहारें बरसाईं, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिली है. लेकिन ओलों की संभावना से फसलों को नुकसान का खतरा भी बना हुआ है.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement