राजस्थान के अलवर में दुल्हन अपनी शादी के 20 घंटे बाद ससुराल से सोने-चांदी के जेवरात और पैसे लेकर फरार हो गई. ससुराल पक्ष के लोगों थाने पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी. परिजन और पुलिस लुटेरी दुल्हन की तलाश में जुटी है. दरअसल, युवक ने मैरिज ब्यूरो की मदद से बिहार की रहने वाली लड़की से शादी की थी.
जानकारी के मुताबिक, एनईबी थाना क्षेत्र के रणजीत नगर के रहने वाले राजकुमार शर्मा ने अपने बेटे हेमंत की शादी के लिए जयपुर में एक मैरिज ब्यूरो संचालक से संपर्क किया था. उसके कहने पर वो जयपुर के जैन मंदिर गलता गेट के सामने गार्ड की नौकरी करने वाले मनोहर लाला से मिला. 10 जनवरी को मनोहर लाल ने राजकुमार की मुलाकात बनवारी लाल से करवाई.
बिहार की रहने वाली लड़की का फोटो दिखाया
बनवारी लाल झारखंड के धनबाद का रहने वाला है. वह बिहार और झारखंड की लड़कियों की शादी करने का काम करता है. बनवारी ने बिहार की रहने वाली निशा नामक लड़की का फोटो मंगवाकर राजकुमार को दिखाया. लड़की की फोटो देखकर राजकुमार ने अपने बेटे की शादी निशा से करने का फैसला किया. 16 जनवरी को शादी तय हो गई.
ये भी पढ़ें- शादी, विदाई और ससुराल में लूट... आजमगढ़ में 'लुटेरी दुल्हन गैंग' का सनसनीखेज खुलासा
दुल्हन की मां ने पति के इलाज के लिए 2 लाख रुपए उधार मांगे
शादी के लिए जयपुर में एक होटल बुक किया गया. राजकुमार 16 जनवरी को अपने बेटे की बारात लेकर जयपुर पहुंचे. फेरों के बाद दुल्हन की मां ने राजकुमार से पति के इलाज के लिए 2 लाख रुपए उधार मांगे. राजकुमार ने वहां मौजूद लोगों के सामने 2 लाख रुपए दे दिए. दूल्हा-दुल्हन और बारात विदा होकर 17 जनवरी की सुबह 5 बजे अलवर आ गए.
30 हजार रुपए नकद, मोबाइल और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार
शाम को परिजन सो गए. रात करीब एक बजे बेटे हेमंत ने बताया कि दुल्हन कमरे में नहीं है. इसके बाद सामान चेक किया, तो घर से 30 हजार रुपए नकद, मोबाइल, सोने-चांदी के जेवर गायब मिले. राजकुमार ने तुरंत मामले की जानकारी एनईबी थाना पुलिस को दी. राजकुमार भी अपने रिश्तेदार की मदद से युवती की तलाश में जुटे हैं. साथ ही जिन लोगों ने शादी करवाई है, उन लोगों से भी संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं. मगर, ज्यादातर लोगों के फोन बंद आ रहे हैं.
मामले में पुलिस ने कही ये बात
एनईबी थाने के सहायक उपनिरीक्षक मोहन लाल ने बताया कि राजकुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बेटे हेमंत की शादी निशा के साथ जयपुर में हुई थी. दुल्हन शादी के बाद नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई. युवती की फोटो के आधार पर मामले की जानकारी जयपुर पुलिस समेत आसपास जिलों की पुलिस को दी है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
हिमांशु शर्मा