पहले स्कॉर्पियो वाले ने कार को मारी टक्कर, फिर रौंदने के लिए दौड़ाया, VIDEO

कोटा में रोड रेज का खौफनाक मामला सामने आया, जहां विवाद के बाद कार सवार युवकों ने स्कॉर्पियो से युवक को कुचलने की कोशिश की. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई. पीड़ित ने भागकर जान बचाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
स्कॉर्पियो वाले ने की रौंदने की कोशिश (Photo: itg) स्कॉर्पियो वाले ने की रौंदने की कोशिश (Photo: itg)

चेतन गुर्जर

  • कोटा,
  • 20 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:06 PM IST

राजस्थान में कोटा शहर के विज्ञाननगर थाना इलाके में रोड रेज का एक खतरनाक मामला सामने आया है, जहां कार सवार युवकों ने विवाद के बाद एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की. पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

गुरुद्वारा गली निवासी मनमीत ने बताया कि शनिवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ विज्ञाननगर की ओर जा रहा था. इसी दौरान एरोड्राम सर्किल के पास दो कारें आगे-पीछे चल रही थीं. ओवरटेक करने के दौरान एक कार चालक ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी. इस पर उसने गाड़ी रुकवाकर विरोध जताया.

Advertisement

मनमीत के अनुसार, विवाद के दौरान कार चालक का एक साथी भी मौके पर पहुंच गया, जो बिना नंबर की काले शीशों वाली स्कॉर्पियो में था. आते ही उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी. दोनों ही गाड़ियां स्कॉर्पियो थीं. जब मामला बढ़ने लगा तो मनमीत ने उन्हें विज्ञाननगर थाने चलने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा- 'जो करना है कर लो.'

इसके बाद मनमीत अपने दोस्तों के साथ कार में बैठकर थाने की ओर निकल गया. वह स्लीप लेन से होते हुए जा रहा था. तभी एक रेस्टोरेंट के सामने पीछे से आ रही बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो ने उसकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी. आरोप है कि इसके बाद चालक ने गाड़ी पीछे ली और दोबारा जोरदार टक्कर मारी.

घटना यहीं नहीं रुकी. मनमीत ने बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ कार से उतरकर बात करने आगे बढ़ा, तभी आरोपी चालक ने उसकी ओर कार दौड़ा दी. जान बचाने के लिए वह दौड़कर पास के रेस्टोरेंट के गेट पर चढ़ गया, जिससे उसकी जान बच सकी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

Advertisement

पीड़ित ने बताया कि एक गाड़ी पर नंबर था, जबकि दूसरी गाड़ी बिना नंबर की थी. वहीं विज्ञाननगर थाने की एसआई अंजली मेघवंशी के मुताबिक, कारों की टक्कर के बाद विवाद हुआ था, जिसमें एक चालक ने युवक पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

 

 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement