दिल्ली के अमर कॉलोनी में आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. इस सनसनीखेज केस के आरोपी की पहचान अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी राहुल के रूप में हुई है. जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दिल्ली में हत्या करने से कुछ घंटे पहले अपने गांव में पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. अलवर पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर रेप का केस दर्ज कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अलवर में वारदात करने के बाद दिल्ली आया और वहां जाकर हत्या की घटना को अंजाम दिया. इस मामले में दिल्ली पुलिस की चार टीमें और अलवार पुलिस आरोपी को पकड़ने में जुटी थीं. आरोपी को दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है. वह एक होटल में रुका हुआ था. वारदात के बाद आरोपी ने अपने कपड़े और जूते बदल लिए थे क्योंकि उन पर खून लग गया था. बताया जा रहा है कि उसने घर में रखे दूसरे पैंट और जूते पहन लिए और अपने खून से सने कपड़े और जूते वहीं क्राइम सीन पर छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल ने हत्या के बाद घर में लूटपाट भी की थी. पुलिस ने सामान बरामद कर लिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी. जिसकी वजह से वह कर्ज में था.
बता दें, हत्या की घटना जिस बिल्डिंग में हुई वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी. हर फ्लोर और लिफ्ट पर लॉक लगे हुए थे और पूरे परिसर में सीसीटीवी कवरेज मौजूद था. मृतका के घर तक पहुंचने के लिए कम से कम चार लॉक खोलने पड़ते थे, जिनमें तीन पासकोड से और एक चाबी से खुलता था. आरोपी पहले यहां काम कर चुका था, इसलिए उसे पासकोड की जानकारी थी और आशंका है कि उसे स्पेयर चाबी की जगह भी पता थी. घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले. परिवार का कहना है कि लौटने पर बेटी खून से लथपथ मिली, उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था जिससे काफी खून बहा गया था.
राजगढ़ थाने में पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज
दिल्ली के साउथ ईस्ट इलाके में बुधवार सुबह 22 वर्षीय युवती का शव उसके घर में मिला था. मृतका एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी थी. घटना के समय उसके माता-पिता जिम गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी, जो पहले घर में काम कर चुका था, घर में घुसा और मोबाइल चार्जिंग केबल से गला दबाकर युवती की हत्या कर दी.
इस घटना में भी युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और जांच जारी है. इसी बीच अलवर में सामने आए मामले ने पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया है.
पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद राजगढ़ थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है. पीड़िता का मेडिकल राजगढ़ के महिला अस्पताल में कराया गया है.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे. पीड़िता का पति और आरोपी ऑनलाइन लूडो खेलते थे. घटना के समय पीड़िता का पति और परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी घर में पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया. दिल्ली पुलिस और अलवर पुलिस इस पूरे मामले को जोड़कर जांच कर रही हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दोनों राज्यों की पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं.
दिल्ली और अलवर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के पिता, दोस्तों और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी राजगढ़ पहुंच चुके हैं और जांच की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दोनों मामलों को जोड़कर जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.
हिमांशु शर्मा / अरविंद ओझा