राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र का स्कूल परिसर से दिनदहाड़े अपहरण कर लिया. बदमाशों ने छात्र को जबरन बोलेरो गाड़ी में डालकर ले गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. गंभीर रूप से घायल छात्र को बाद में सड़क किनारे फेंक दिया गया. इस सनसनीखेज वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना बीजराड़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक छात्र बोर्ड परीक्षा देने स्कूल पहुंचा था. इसी दौरान चार बदमाश वहां पहुंचे और छात्र को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए. स्कूल स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने धक्का-मुक्की कर छात्र को अपने कब्जे में ले लिया और मौके से फरार हो गए.
छात्र को स्कूल से जबरन उठाया
कुछ देर बाद राहगीरों ने सड़क किनारे घायल अवस्था में छात्र को कराहते हुए देखा. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को पहले चौहटन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बाड़मेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल छात्र का इलाज जारी है.
परीक्षा केंद्र अधीक्षक भंवरलाल मायला ने बताया कि घटना के समय वो और अन्य स्टाफ पेपर लेने थाने गए हुए थे. स्कूल में केवल एक महिला समेत दो कर्मचारी मौजूद थे. उन्होंने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वो छात्र को जबरन गाड़ी में डालकर भाग निकले. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
छात्र को बेरहमी से पीटकर सड़क किनारे फेंका
बीजराड़ थानाधिकारी विशनाराम के अनुसार पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बाड़मेर में बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे 12वीं के छात्र का स्कूल से दिनदहाड़े अपहरण कर लिया. बदमाशों ने छात्र को बोलेरो में डालकर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की और घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया. घटना का वीडियो वायरल हो गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
दिनेश बोहरा