अलवर जंक्शन पर मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. जहां भुज-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही एक महिला यात्री का पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई. मौके पर तैनात आरपीएफ जवान सीताराम ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:05 बजे भुज-दिल्ली एक्सप्रेस अलवर स्टेशन पर पहुंची थी. ट्रेन कुछ देर रुकने के बाद आगे बढ़ने लगी. इसी दौरान एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की. महिला के दो परिजन पहले ही नीचे उतर चुके थे और महिला तीसरे नंबर पर उतर रही थी. ट्रेन की गति बढ़ने से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच की खाली जगह में गिरने लगी.
महिला को गिरता देख प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ जवान सीताराम तुरंत उसकी ओर दौड़े. उन्होंने बिना समय गंवाए महिला का हाथ पकड़ लिया और पूरी ताकत लगाकर उसे प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया. जवान की फुर्ती और सूझबूझ से महिला ट्रेन के नीचे आने से बाल-बाल बच गई. घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घटना का सीसीटीवी हो रहा वायरल
रेलवे कर्मियों ने महिला को तुरंत संभाला और प्राथमिक जांच की. राहत की बात यह रही कि महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई. घटना के बाद महिला और उसके परिजनों ने आरपीएफ जवान सीताराम का धन्यवाद किया और उनकी बहादुरी की सराहना की. आरपीएफ जवान सीताराम ने बताया कि महिला चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही थी, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता था. उन्होंने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें और चलती ट्रेन में ऐसा जोखिम न उठाएं.
इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने वाले लोग आरपीएफ जवान की बहादुरी और तत्परता की जमकर तारीफ कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों ने भी जवान की सूझबूझ की सराहना की है.
हिमांशु शर्मा