घर की पानी टंकी में 11 सांप! एक- एक कर बाहर आए तो परिवार के उड़े होश

कोटा के आंवली इलाके में एक घर के पानी के टैंक से एक साथ 11 सांप निकलने से परिवार में हड़कंप मच गया. टैंक की सफाई के दौरान पानी में हलचल दिखाई दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. करीब 20 मिनट चले ऑपरेशन में सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकालकर चंबल किनारे छोड़ दिया गया.

Advertisement
घर की पानी टंकी में 11 सांप (Photo: itg) घर की पानी टंकी में 11 सांप (Photo: itg)

चेतन गुर्जर

  • कोटा,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:10 AM IST

राजस्थान में कोटा के आंवली इलाके में सोमवार सुबह एक घर के अंदर बने पानी के टैंक से एक साथ 11 सांप निकलने से हड़कंप मच गया. कमरे के भीतर बने करीब 8 फीट गहरे टैंक की सफाई के दौरान परिवार के लोगों ने पानी में हलचल देखी. जब टॉर्च की रोशनी डालकर देखा गया तो अंदर कई सांप तैरते नजर आए. सांपों को देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने तुरंत नगर निगम के रेस्क्यूअर रॉकी डेनियल को सूचना दी. सूचना मिलते ही रॉकी अपने सहयोगी जितेंद्र कोली के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

Advertisement

20 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

रॉकी डेनियल ने बताया कि घर के कमरे में बना पानी का टैंक काफी समय से साफ नहीं किया गया था. सुबह करीब साढ़े 11 बजे परिवार के लोग जब टैंक खाली कर उसकी सफाई कर रहे थे, तभी पानी में सांप दिखाई दिए. इसके बाद रेस्क्यू टीम ने टैंक में उतरकर एक-एक कर सभी सांपों को बाहर निकाला.

करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद 11 सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया. सभी सांप लगभग एक-एक फीट लंबे थे.रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को सुरक्षित तरीके से चंबल नदी के किनारे छोड़ दिया गया. रॉकी के मुताबिक ये ‘चेकर्ड कीलबैक’ प्रजाति के पानी के सांप थे, जो विषैले नहीं होते हैं और आमतौर पर जल स्रोतों के आसपास पाए जाते हैं.

पहले भी दिखा था सांप

Advertisement

मकान मालिक ने बताया कि दो-तीन दिन पहले घर की सीढ़ियों पर भी एक सांप दिखाई दिया था. संभावना जताई जा रही है कि उसी सांप के बच्चे पानी के टैंक में गिर गए होंगे. घटना के बाद परिवार के लोग काफी देर तक सहमे रहे, हालांकि सभी सांपों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद राहत की सांस ली गई.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement