MP News: शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में बीती रात अजीब मामला सामने आया. मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम का है, जहां रात के सन्नाटे में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला गार्ड गहरी नींद में सो रहा था. गश्त पर निकले पुलिस अधिकारी ने यह देख थप्पड़ मारकर गार्ड को जगाया.
दरअसल, करैरा पुलिस की मोबाइल टीम नियमित गश्त पर थी. टीम जब कस्बे के मुख्य मार्ग स्थित SBI एटीएम के पास पहुंची, तो बाहर कोई हलचल नहीं दिखी. ASI शैलेंद्र सिंह चौहान ने जब साथ मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछा कि यहां कोई गार्ड तैनात है या नहीं, तो पुलिसकर्मियों ने बताया कि शायद वह अंदर केबिन में होगा.
चद्दर ओढ़कर केबिन में सो रहा था गार्ड
जैसे ही शैलेंद्र सिंह एटीएम के भीतर गार्ड के केबिन में दाखिल हुए, उन्होंने देखा कि गार्ड चद्दर ओढ़कर गहरी नींद में सो रहा था. एटीएम पूरी तरह से खाली था और सुरक्षा के नाम पर पहरेदार ही लापता था. यह देख एएसआई का पारा चढ़ गया.
पुलिस ने मारा थप्पड़
एएसआई ने तत्काल गार्ड को उठाया और ड्यूटी में इस बड़ी लापरवाही के लिए उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. उन्होंने गार्ड को फटकार लगाते हुए कहा, "तुझे 10000 रुपये सैलरी एटीएम की सुरक्षा की मिलती है, चद्दर ओढ़कर सोने की नहीं. यदि चोरी हो जाती तो कौन जिम्मेदार होता?" देखें VIDEO:-
कुर्सी उठाई और बाहर बैठाया
ASI यहीं नहीं रुके, उन्होंने गार्ड की कुर्सी उठाई और उसे एटीएम के केबिन से बाहर सड़क के किनारे रख दिया. उन्होंने गार्ड को सख्त हिदायत दी कि वह बाहर बैठकर सुरक्षा करेगा. साथ ही चेतावनी भी दी कि "अगर अगली बार ऐसी गलती मिली तो मैं ठीक से सुधार दूंगा."
मनोज भार्गव