स्वच्छता में नंबर-1 शहर इंदौर की एक जागरूक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वार्ड 84 के द्वारकापुरी उद्यान में आयोजित 'जनता चौपाल' में इस महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सामने न केवल समस्याओं का पिटारा खोला, बल्कि सिस्टम के दिखावे और फिजूलखर्ची पर भी जमकर प्रहार किया.
महिला के सवालों में प्रशासन की पोल खोलती कई कड़वी सच्चाइयां शामिल थीं. महिला ने आरोप लगाया कि महापौर के पहुंचने से ठीक 10 मिनट पहले सड़क का गड्ढा भरा गया. उन्होंने पूछा, "क्या मरम्मत केवल जनप्रतिनिधियों के आने पर ही की जाती है? इससे पहले कई बुजुर्ग यहां गिरकर चोटिल हुए, तब निगम कहां था?"
टीना गौड़ नामक महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से सवाल किया, ''चुनाव के बाद से जनता चौपाल कहां थी? आज क्यों रखी गई?'' इस पर महापौर ने जवाब दिया, ''आपको पता है, मैं कितनी बार द्वारकापुरी आया...''
महिला बोली, ''सर, आप आए, लेकिन जनता से रूबरू मिलने आए थे क्या?'' महापौर ने तपाक से पलटवार किया, ''तो फिर क्या करने आया था?'' महिला ने कहा, ''आज तो बोलने का पूरा हक है न सर.''
स्थानीय महिला ने आगे कहा, ''आपके आने से 10 मिनट पहले ही कॉर्नर पर बना गड्ढा ठीक कर फटाफट बंद करवाया गया. पहले कितने एक्सीडेंट हुए, बुजुर्ग भी शिकार बने. आपके आने पर ही प्रभाव क्यों? यदि आपका नाम काफी है तो आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आपकी पार्टी काम नहीं कर रही. बीज निगम कर्ज में है, तो अच्छी सड़कें क्यों खोदी जा रही हैं? ब्लॉक अच्छे लगे थे, उन्हें खोदकर नया क्यों किया? गार्डन अच्छा था, उसे और बेहतर कर सकते थे, दीवारें तोड़ने की क्या जरूरत थी?''
उन्होंने निवेदन किया, “प्लीज कार्य कीजिए, जनता से रूबरू होइए. पार्षदों से कहिए कि घर-घर जाएं, लोगों की समस्याएं सुनें. टैक्स 2021 में बढ़ाया, अब 2% और बढ़ा दिया. द्वारकापुरी में गरीब बचे ही नहीं, सब अमीर हो गए.'' देखें VIDEO:-
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महिला के तेवरों को शांत भाव से सुना और जवाब दिया, "आपके सुझावों पर जरूर अमल किया जाएगा." बाद में उन्होंने मीडिया से कहा कि समस्या उठाने वाला व्यक्ति चाहे किसी भी दल या नेता का समर्थक हो, अगर मुद्दा महत्वपूर्ण है तो उस पर जांच और कार्रवाई की जाएगी.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा