मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. यह इस्तीफा उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है.
इस संबंध में संगठन महासचिव डॉ संजय कामले ने जानकारी देते हुए कहा कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी का उल्लेख किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे. इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है.
'सिर्फ पद से छोड़ा है, पार्टी नहीं'
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेमंत कटारे का यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की सदस्यता से. वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे. उन्होंने बताया कि हेमंत कटारे के उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफे को स्वीकार किया जाए या नहीं, इसका अंतिम फैसला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विवेकाधिकार पर निर्भर है.
सदन से बाहर निकले और स्विच ऑफ कर लिया फोन
भिंड जिले की अटेर सीट से कांग्रेस विधायक कटारे ने अपने इस्तीफे में परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय न दे पाने को कारण बताया. बताया गया कि कटारे शुक्रवार शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद थे, लेकिन इसके बाद अचानक सदन से बाहर निकल गए और उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया. इससे शाम तक स्थिति को लेकर सस्पेंस बना रहा. हालांकि बाद में शाम करीब 7 बजे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनके इस्तीफे की पुष्टि की.
रवीश पाल सिंह