ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के बंशीपुरा इलाके में पतंग उड़ाते समय हुए दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय शिवम बघेल की मौत हो गई. शिवम अपने घर की दो मंजिला छत पर पतंग उड़ा रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा. गिरते ही वह बेहोश हो गया और उसकी हालत गंभीर हो गई.
आवाज सुनकर परिजन तुरंत बाहर दौड़े. उन्होंने देखा कि शिवम घर के दरवाजे के पास अचेत अवस्था में पड़ा था और उसके हाथ में पतंग उड़ाने वाला मांजा उलझा हुआ था. परिजन बिना समय गंवाए उसे तुरंत ग्वालियर के बिरला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया.
यह भी पढ़ें: ग्वालियर: ट्यूशन से लौट रहे 6 साल के मासूम को सांड ने मारी टक्कर, सिर पर आए 25 टांके,
चार दिन तक जिंदगी की जंग लड़ता रहा मासूम
डॉक्टरों के अनुसार, दो मंजिला छत से गिरने के कारण शिवम के सिर में गंभीर अंदरूनी चोट आई थी. उसकी हालत बेहद नाजुक थी और उसे बचाने के लिए लगातार इलाज किया जा रहा था. परिवार और डॉक्टरों को उम्मीद थी कि शिवम ठीक हो जाएगा, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हो पाया.
शिवम चार दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा. आखिरकार इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस खबर से परिवार में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. पतंग उड़ाने का शौक इस परिवार के लिए कभी न भरने वाला घाव बन गया.
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ASP अनु बेनीवाल के मुताबिक, शिवम कक्षा आठवीं का छात्र था और उसे पतंग उड़ाने का बहुत शौक था. हादसा चार दिन पहले हुआ था, जब वह छत पर पतंग उड़ा रहा था. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर छतों पर सुरक्षा इंतजामों की जरूरत और सावधानी के महत्व को सामने ला दिया है.
सर्वेश पुरोहित