भोपाल में लगी ‘एल्गी ट्री’ मशीन, 25 पेड़ों के बराबर अवशोषित करेगी कार्बन डाइऑक्साइड... जानिए खासियत

भोपाल में देश की पहली ‘एल्गी ट्री’ तकनीक की शुरुआत की गई है. अशोका गार्डन के विवेकानंद पार्क में लगाए गए इस माइक्रोएल्गी आधारित सिस्टम को मशरूम वर्ल्ड ग्रुप ने विकसित किया है. यह तकनीक हवा से कार्बन डाइऑक्साइड सोखकर ऑक्सीजन छोड़ती है. कंपनी का दावा है कि इसकी एक यूनिट 25 पेड़ों के बराबर कार्बन अवशोषित कर सकती है.

Advertisement
देश में पहली बार लगाई गई है ‘एल्गी ट्री’ मशीन. (Photo: Screengrabs) देश में पहली बार लगाई गई है ‘एल्गी ट्री’ मशीन. (Photo: Screengrabs)

धर्मेंद्र साहू

  • भोपाल,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:23 PM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. देश में पहली बार वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड सोखने वाली आधुनिक ‘एल्गी ट्री’ तकनीक की शुरुआत भोपाल से हुई है. इस नई तकनीक को अशोका गार्डन स्थित विवेकानंद पार्क में स्थापित किया गया है. बढ़ते प्रदूषण, लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव जैसी समस्याओं के बीच इसे एक प्रभावी हरित समाधान के रूप में देखा जा रहा है.

Advertisement

25 पेड़ों के बराबर कार्बन सोखने की है क्षमता
इस तकनीक को मशरूम वर्ल्ड ग्रुप ने विकसित किया है. कंपनी के अनुसार यह एक माइक्रोएल्गी आधारित सिस्टम है, जो वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन छोड़ता है. दावा किया गया है कि ‘एल्गी ट्री’ की एक यूनिट लगभग 25 पेड़ों के बराबर कार्बन अवशोषित करने की क्षमता रखती है. इसके जरिए सालाना करीब 1.5 टन तक कार्बन डाइऑक्साइड को कम किया जा सकता है, जिससे शहरों की वायु गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

कंपनी का कहना है कि इस तकनीक को विकसित करने में करीब दो साल का समय लगा. इस दौरान 50 से अधिक विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और इंजीनियरों की टीम ने लगातार रिसर्च और परीक्षण किए. तकनीक को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कम जगह में अधिक प्रभावी तरीके से कार्बन को नियंत्रित कर सके. खास बात यह है कि इसे सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, व्यस्त बाजारों, संस्थानों और ट्रैफिक वाले इलाकों में आसानी से लगाया जा सकता है.

Advertisement

अन्य शहरों के लिए भी उपयोगी होगी ये तकनीकी
पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में ऐसी तकनीकें शहरों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं. तेजी से बढ़ते शहरीकरण और वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण शहरों में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में ‘एल्गी ट्री’ जैसी तकनीक स्थानीय स्तर पर कार्बन लोड कम करने, तापमान संतुलित रखने और लोगों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में मदद कर सकती है.

भोपाल अब देश का पहला शहर बन गया है, जहां इस तकनीक को सार्वजनिक रूप से लागू किया गया है. इसे लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है. कंपनी ने भविष्य में देश के अन्य शहरों में भी इस तकनीक का विस्तार करने की योजना बनाई है. यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो आने वाले वर्षों में भारत के कई बड़े शहरों में ‘एल्गी ट्री’ प्रदूषण नियंत्रण का नया माध्यम बन सकता है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement