दरवाजे पर बारात, पुलिस की हुई एंट्री और दूल्हा हो गया फरार, जानें पूरा मामला 

बड़नगर के एक युवक की शादी रतलाम में होने वाली थी, लेकिन दूल्हे पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप सामने आने पर पुलिस ने शादी रुकवा दी. बारात घर तक पहुंच चुकी थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी फरार हो गया. पीड़िता के गर्भवती होने के बाद मामला सामने आया.

Advertisement
पुलिस पहुंचते ही दूल्हा हुआ फरार (Photo: Sundeep Kulshreshtha/ITG) पुलिस पहुंचते ही दूल्हा हुआ फरार (Photo: Sundeep Kulshreshtha/ITG)

संदीप कुलश्रेष्ठ

  • उज्जैन ,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:45 PM IST

मध्य प्रदेश के बड़नगर और रतलाम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी उस समय रुकवा दी गई जब दूल्हे पर दुष्कर्म का आरोप सामने आया. बारात दुल्हन के घर तक पहुंच चुकी थी, लेकिन पुलिस की एंट्री ने पूरे माहौल को बदल दिया. अब आरोपी दूल्हा फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. मिली जानकारी के अनुसार बड़नगर के शिक्षक कॉलोनी में रहने वाले अभिषेक सेन की शादी बुधवार को रतलाम में तय थी. शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी और बारात भी दुल्हन के घर तक पहुंच गई थी. इसी दौरान पुलिस को एक गंभीर सूचना मिली, जिसने पूरे मामले को पलट दिया.

Advertisement

पुलिस को पता चला कि अभिषेक सेन ने एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म किया है और इस बात को किसी को न बताने के लिए उसे धमकी भी दी थी. सूचना मिलते ही बड़नगर थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. पुलिस ने बिना देरी किए दुल्हन पक्ष के परिवार से संपर्क किया और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए दुल्हन पक्ष ने तुरंत शादी रोकने का फैसला लिया. इस तरह एक शादी जो कुछ ही समय में संपन्न होने वाली थी, पुलिस की कार्रवाई के चलते रुक गई. पुलिस जब आरोपी को पकड़ने के लिए रतलाम पहुंचती, उससे पहले ही अभिषेक सेन मौके से फरार हो गया.

गर्भवती होने पर खुला राज, अस्पताल में सामने आई सच्चाई

पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता दोनों ही बड़नगर के शिक्षक कॉलोनी में रहते हैं. जानकारी के मुताबिक अभिषेक सेन ने जनवरी महीने में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था. घटना के बाद किशोरी मानसिक रूप से परेशान थी.

Advertisement

करीब तीन दिन पहले किशोरी ने आहत होकर जहर खा लिया था. परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ. इलाज के दौरान यह बात सामने आई कि किशोरी गर्भवती है. इसी के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी की शादी रतलाम में होने वाली है.

कार्रवाई से पहले ही फरार हुआ आरोपी, पुलिस कर रही तलाश

पुलिस ने समय रहते दुल्हन पक्ष को सूचना दी और शादी रुकवा दी. इस कार्रवाई से एक बड़ा मामला सामने आने से पहले ही नियंत्रित हो गया. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. एक तरफ जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं दूसरी ओर एक गंभीर अपराध ने सब कुछ बदल दिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement