कपड़ों को सही ढंग से अगर नहीं रखा जाता है तो वो जल्दी खराब हो जाते हैं. सूती और सिल्क के कपड़े ही नहीं बल्कि रोजाना पहने जाने वाली जींस को भी सही तरीके से रखना भी उतना ही जरूरी होता है. अगर आप जींस को सही से अलमारी में नहीं रखते हैं तो उससे उसकी फिटिंग और चमक दोनों ही जल्दी खराब होने लगते हैं. जींस को लंबे समय तक इस्तेमाल करने और उसकी चमक बरकरार रखने के लिए उन्हें सही तरीके से स्टोर करना बहुत जरूरी है.
अक्सर लोग जींस को जैसे-तैसे मोड़कर अलमारी में रख देते हैं, जिससे उसमें सिलवटें पड़ जाती हैं और कपड़ा भी दब जाता है. अलमारी में जींस रखने का तरीका अगर सही न हो तो कुछ ही समय में उसकी फिटिंग ढीली पड़ सकती है, कलर भी डल लगने लगता है और फैब्रिक जल्दी खराब हो सकता है. अगर आप चाहते हैं कि आपकी पसंदीदा जींस सालों-साल नई जैसी दिखे, तो उसे रखने के तरीके में थोड़ा बदलाव करना जरूरी है. इन आसान टिप्स को अपनाकर आप अपनी जींस को लंबे समय तक बेहतर हालत में रख सकते हैं.
जींस को अलमारी में रखने से पहले ठीक से फोल्ड करें, जींस को मोड़ते समय पहले उसे पूरी तरह सीधा फैलाएं. उसके बाद जींस के पैरों को एक-दूसरे के ऊपर रखें और नीचे से मोड़ते हुए ऊपर तक फोल्ड करें. इस तरीके से जींस में ज्यादा सिलवटें नहीं पड़तीं और वह अलमारी में कम जगह भी घेरती है. इस तरीके से फोल्ड करके आप आसानी से ज्यादा जींस अलमारी में रख सकते हैं.
जींस को सही से रखने के लिए हैंगर का यूज आप कर सकते हैं, अगर आपकी अलमारी में जगह है तो जींस को हैंगर में टांगकर रखना बेहतर होता है. इससे जींस पर प्रेशर नहीं पड़ता और उसकी शेप भी वैसी ही बनी रहती है. खासकर महंगी और फेवरेट जींस को इस तरीके से रखना सही होता है, इससे वो लॉन्ग टर्म तक चलती है.
जींस को सही से रखना चाहते हैं तो एक बात को अच्छी तरह से समझ लें कि अलमारी में ज्यादा ठूंसकर कपड़े न रखें. कई बार हम एक ही जगह में बहुत सारे कपड़े भर देते हैं, जिससे जींस दब जाती है और उसमें सिलवटें पड़ा जाती हैं. ध्यान रखें कि अलमारी में थोड़ी जगह हमेशा ही खाली रहे ताकि कपड़ों को हवा मिलती रहे.
जींस को फोल्ड करने की बजाय आप उन्हें रोल करके रख सकते हैं, क्योंकि जींस को रोल करने का तरीका आसान और असरदार है. खासतौर पर छोटे वार्डरोब और ट्रैवल के दौरान जींस को रोल करने से आपको काफी स्पेस मिल जाता है. जींस को रोल करने से न सिर्फ जगह बचती है बल्कि कपड़े में कम क्रीज भी बनती है.
सबसे जरूरी बात यह है कि जींस को अलमारी में रखने से पहले उनका पूरी तरह से सूखा होना जरूरी है. अगर जींस पूरी तरह से सूखी नहीं होगी तो उससे बदबू आने लगती है. हल्की नमी से भी जींस के कपड़े में फंगस लग सकती है और अलमारी में आप फ्रेशनर या नीम की पत्तियां रख सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क