Water Tank Cooling Hacks: गर्मी इन दिनों अपने प्रचंड रूप में है. पूरा भारत सूरज की बरसती आग से झुलस रहा है और आने वाला समय हालात बद से बद्दतर होने वाले हैं. इस वक्त सभी के मुंह से 'हाय गर्मी...हाय गर्मी...' सुनने मिल रहा है, चाहे वो घर के बाहर हों या घर के अंदर बैठे हों, कहीं भी चैन नहीं है. जी हां, भीषण गर्मी में घर सूरज की किरणों से बुरी तरह तपने लगता है, जिसकी वजह से वहां रहना भी मुश्किल है. इसके साथ ही घर की छत पर रखी पानी की टंकी भी किसी तंदूर की तरह तपने लगती है. सुबह-सुबह जो पानी ठंडा लगता है, वही दोपहर तक इतना गरम हो जाता है कि हाथ धोना भी मुश्किल लगने लगता है. खासकर छत पर रखी प्लास्टिक की टंकियां दिनभर सूरज की सीधी मार झेलती हैं, जिसकी वजह से नलों से निकलने वाला पानी बिल्कुल गीजर जैसा गर्म महसूस होने लगता है.
ऐसे में हर बार फ्रिज का पानी मिलाना या बाल्टी भरकर ठंडा होने का इंतजार करना भी आसान नहीं होता. लेकिन अच्छी बात ये है कि कुछ आसान और बेहद सस्ते उपाय अपनाकर आप टंकी के पानी को काफी हद तक ठंडा रख सकते हैं. इन देसी जुगाड़ों के लिए ना ज्यादा खर्च करना पड़ेगा और ना ही किसी बड़े सेटअप की जरूरत होगी.
1. छत पर लगी काली टंकी को कहें अलविदा: अगर आपके घर की पानी की टंकी काले या किसी गहरे रंग की है, तो वो पानी गर्म होने की सबसे बड़ी वजह बन सकती है. दरअसल, काले जैसे गहरे रंग सूरज की गर्मी को तेजी से और बहुत ज्यादा मात्रा में सोख लेते हैं. ऐसे में या तो आप सफेद रंग की टंकी लगवा लें या फिर अपनी काली टंकी पर सफेद पेंट या चूना लगवा दें. सफेद रंग धूप को रिफ्लेक्ट करता है, जिससे टंकी कम गरम होती है और पानी लंबे समय तक नॉर्मल टेंपरेचर पर बना रहता है.
2. जूट की बोरी: जूट की बोरी से गर्मियों में टंकी को ढंकना गांवों में पिछले कई सालों से इस्तेमाल किया जा रहा है. ये तरीका पहले जितना असरदार था उतना ही आज भी है. इसके लिए पुरानी जूट की बोरियां लेकर उन्हें टंकी के चारों तरफ लपेट दें. फिर दिन में एक-दो बार इन बोरियों पर पानी डालकर गीला कर दें. गीली बोरी की वजह से आसपास का टेंपरेचर कम होता है और टंकी अंदर से जल्दी गर्म नहीं होती.
3. टंकी के ऊपर शेड बनाना: टंकी पर जब सीधी धूप पड़ती है तो वो ज्यादा गर्म होती है. ऐसे में अगर आप टंकी के ऊपर हरी नेट, टीन या फाइबर की शेड लगवा दें, तो आपको काफी फर्क महसूस हो सकता है. इससे सूरज की किरणें सीधे टंकी पर नहीं पड़ेंगी और पानी का टेंपरेचर कंट्रोल में रहता है. ये तरीका उन घरों के लिए फायदेमंद है जहां छत पर दिनभर तेज धूप रहती है.
4. थर्माकोल की लेयर करेगी इंसुलेशन का काम: अगर आप टंकी के पानी को ठंडा रखने का थोड़ा ज्यादा अच्छा और टिकाऊ इंतजाम चाहते हैं, तो टंकी पर थर्माकोल शीट्स लगाना अच्छा ऑप्शन हो सकता है. थर्माकोल गर्मी को अंदर जाने से रोकता है और पानी को जल्दी गर्म नहीं होने देता. इसे टेप या रस्सी की मदद से आसानी से बांधा जा सकता है. ऊपर से कोई कवर डाल दें तो टंकी देखने में भी खराब नहीं लगेगी.
5. सुबह या रात में भरें टंकी: कई लोग दिन के समय मोटर चलाकर टंकी भरते हैं, लेकिन उस वक्त जमीन और पाइप दोनों काफी गर्म होते हैं. कोशिश करें कि टंकी सुबह जल्दी या देर रात में भरी जाए. उस समय जमीन के अंदर का पानी ज्यादा ठंडा होता है और टंकी का तापमान भी कम रहता है.
6. टंकी के आसपास लगाएं पौधे और बेलें: अगर छत पर थोड़ी जगह है तो टंकी के आसपास गमले रख सकते हैं या बेल वाले पौधे लगा सकते हैं. हरी बेलें टंकी को नेचुरल छांव देती हैं और आसपास का माहौल भी ठंडा बनाए रखती हैं. इससे टंकी पर सीधी धूप कम पड़ती है और पानी ज्यादा गरम नहीं होता.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क