तवे से उतरी हुई गरम-गरम, फूली हुई सॉफ्ट-सॉफ्ट रोटी किसे अच्छी नहीं लगती? जैसे ही उस पर थोड़ा सा घी लगाकर प्लेट में रखी जाती है, तो खाने का मजा ही अलग हो जाता है. लेकिन सच तो ये है कि आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर बार फ्रेश और सॉफ्ट रोटी बनाकर तुरंत खाना हर किसी के लिए पॉसिबल नहीं है. कभी ऑफिस जाने की जल्दी होती है, तो कभी बच्चों के स्कूल और घर के कामों के बीच समय ही नहीं मिल पाता.
इसी वजह से ज्यादातर घरों में रोटियों को गरम रखने के लिए कैसरोल का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि जब भी खाना खाएं, रोटियां ठंडी न मिलें. लेकिन जब गरम रोटियों को सीधे कैसरोल में रख दिया जाता है, तो अंदर भाप बनती है. यही भाप रोटियों को गीला और चिपचिपा बना देती है. थोड़ी देर बाद रोटियां सॉफ्ट की जगह गीली सी लगने लगती हैं, और सारा स्वाद बिगड़ जाता है. अगर आप भी इस परेशानी का सामना करते हैं, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ छोटे-छोटे और आसान उपाय अपनाकर आप अपनी रोटियों को कैसरोल में गीली-चिपचिपी होने से बचा सकते हैं और लंबे समय तक रोटियों को सॉफ्ट भी रख सकते हैं.
1. गरम रोटी तुरंत कैसरोल में न रखें
आप लोग अक्सर तवे से उतरी रोटी को सीधे कैसरोल में रख देते हैं, जो सबसे बड़ी गलती होती है. दरअसल, गरम रोटी से भाप निकलती है और जब उसे तुरंत बंद डिब्बे में रख दिया जाता है, तो वही भाप अंदर रह जाती है. इससे रोटियां गीली और चिपचिपी हो जाती हैं.
रोटी को 10–15 सेकंड के लिए जालीदार छलनी या वायर रैक पर रखना अच्छा रहता है. इससे उसकी एक्स्ट्रा भाप निकल जाएगी और फिर इसे कैसरोल में रख सकते हैं.
2. थोड़ा बड़ा कैसरोल चुनें
अगर आपका कैसरोल बिल्कुल रोटियों के साइज का है, तो उसमें हवा पास होने के लिए जगह नहीं बचती. ऐसे में भाप जल्दी जमा हो जाती है और रोटियां गीली हो सकती हैं. ऐसे में हमेशा थोड़ा बड़ा कैसरोल इस्तेमाल करें. अंदर थोड़ी सी खाली जगह होगी तो भाप फैल जाएगी और रोटियां ज्यादा देर तक सॉफ्ट और सूखी रहेंगी.
3. कपड़े का सही इस्तेमाल करें
कैसरोल के नीचे एक साफ सूती कपड़ा बिछा दें. उसके ऊपर रोटियां रखें और फिर ऊपर से भी एक हल्का कपड़ा ढक दें. इससे रोटी को गीली होने से बचाने में मदद मिलती है. दरअसल, कपड़ा भाप को सोख लेता है और नमी को सीधे रोटियों तक पहुंचने से रोकता है. इस छोटे से उपाय से रोटियां काफी देर तक मुलायम बनी रहती हैं.
4. रोटियों को नीचे से थोड़ा ऊपर रखें
कैसरोल के अंदर एक छोटी स्टील की प्लेट, कटोरी उलटी करके या जाली रख सकते हैं. रोटियों को कपड़े में लपेटकर उसके ऊपर रखें.
इससे नीचे जो भी नमी जमा होगी, वो रोटियों तक नहीं पहुंचेगी. रोटियां गीली नहीं होंगी और सॉफ्ट बनी रहेंगी.
5. बटर पेपर या फॉयल का सहारा लें
अगर घर में बटर पेपर या एल्युमिनियम फॉयल है, तो उसकी 2–3 लेयर में कैसरोल के बिछा दें. उसके ऊपर कपड़े में लिपटी रोटियां रखें. ये नीचे से आने वाली नमी को रोकता है और रोटियों को खराब होने से बचाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क