How To Keep Kitchen Cool In Summers: जैसे ही मई-जून के महीने में तपिश इतनी बढ़ जाती है कि बाहर ही नहीं घर में रहना भी मुश्किल लगने लगता है. गर्मी के ये महीने ऐसे होते हैं, जिनमें आपका घर भी तपने लगता है, लेकिन घर एक कोना ऐसा होता है जो भट्टी की तरह बन जाता है. ये रसोईघर होता है. सूरज की तपिश और गैस चूल्हे की गर्माहट के कारण रसोई में दो सेकंड खड़े होते ही लोग पसीना-पसीना हो जाते हैं. पसीने से तरबतर होना, घुटन महसूस करना और किचन की भारी उमस न सिर्फ खाना बनाने कि हिम्मत को खत्म कर देती है, बल्कि आपको जल्दी थका भी देती है.
ऐसे में लोग अपनी रसोई को गर्मियों में ठंडा रखने के लिए कई तरह के तरीके अपनाते हैं. कुछ तो रसोई घर का रेनोवेशन कराने में ही हजारों रुपये खर्च कर देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रसोई की गर्मी से निजात पाने के लिए आपको ये सब करने की जरूरत नहीं है. थोड़े से बदलाव और टिप्स आपके किचन में ठंडर ला सकते हैं. शेफ संजीव कपूर ने अपने एक ब्लॉग में रसोई की गर्मी को कम करने के लिए कुछ ऐसी ही आसान ट्रिक्स शेयर की हैं, जो वहां ठंडक बनाए रखती हैं.
बेकार सामान हटाएं: सबसे पहले अपने किचन की अच्छी तरह सफाई करें. पुराने डिब्बे, टूटी-फूटी प्लेटें, बेकार बोतलें और इस्तेमाल में न आने वाले बर्तन हटा दें. इससे रसोई खुली-खुली लगेगी और नई चीजों के लिए जगह भी बनेगी.
रसोई का सेटअप थोड़ा बदलें: अगर आपकी रसोई बड़ी है, तो उसमें रखे फर्नीचर या कुछ चीजों की जगह बदलकर नया लुक दें. बड़ी टेबल की जगह हल्का और सिंपल कैफे-स्टाइल टेबल इस्तेमाल कर सकते हैं. साथ में रंग-बिरंगे फूल लगाने से किचन और भी फ्रेश लगेगा.
खिड़कियों को दें समर लुक: गर्मियों में भारी पर्दों की जगह हल्के फैब्रिक और रंग के पर्दे लगाएं. इससे रोशनी भी अच्छी आएगी और रसोई खुली-खुली महसूस होगी. चाहें तो खिड़की के पास विंड चाइम भी लगा सकते हैं, जिससे सुबह-शाम अच्छा माहौल बनेगा.
रोशनी को बेहतर बनाएं: छोटी रसोई गर्मियों में ज्यादा बंद-बंद सी लगती है. ऐसे में दीवार पर सही जगह शीशा लगाने से रोशनी ज्यादा फैलेगी और रसोई बड़ी दिखाई देगी. हल्के और ब्राइट रंगों से पेंट करवाने से भी जगह ज्यादा चमकदार लगती है.
रंग-बिरंगी चीजों से बढ़ाएं फ्रेशनेस: रसोई में हल्के हरे, एक्वा या मेलन कलर की एक्सेसरी का इस्तेमाल करें. कलरफुल प्लेट्स, कप और ट्रे रसोई को गर्मियों वाली वाइब देती हैं.
हल्के रंग के कवर इस्तेमाल करें: डाइनिंग चेयर या फर्नीचर पर सफेद या हल्के रंग के कवर चढ़ाएं. इससे पूरी रसोई साफ और ठंडी महसूस होती है. साथ ही ये आसानी से धोए भी जा सकते हैं.
पौधों और फूलों से लाएं ताजगी: आप रसोई घर में फूलों वाला वास या छोटे-छोटे गमले भी लगा सकते हैं. इससे भी रसोई में फ्रेशनेस महसूस होती है. हालांकि बहुत ज्यादा पौधे रखने से जगह भरी-भरी लग सकती है, इसलिए कम और सुंदर पौधे ही रखें.
नेचुरल लाइटिंग को आने दें: अगर आपके घर में ऊपर से रोशनी आ सकती है, तो स्काईलाइट लगवाना भी अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इससे दिनभर नेचुरल लाइट आती है और किचन ज्यादा ब्राइट और पॉजिटिव लगता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क