गर्मियों का मौसम आते ही रसोई में सबसे बड़ी चुनौती हरी सब्जियों, खासकर धनिया और पुदीना को ताजा रखने की होती है. अक्सर बाजार से लाने के कुछ ही घंटों बाद ये मुरझाने लगते हैं और फ्रिज में कई दिन तक रखने पर काले पड़कर गल जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना फ्रिज के भी आप इन्हें हफ्तों तक बिल्कुल ताजा रख सकते हैं. अगर आपके घर में फ्रिज नहीं है या लाइट की समस्या रहती है तो ये ट्रिक्स आपके बहुत काम आ सकते हैं. इतना ही नहीं आप इन ट्रिक्स में कुछ को फॉलो कर फ्रिज में रखकर भी धनिया और पुदीना को फ्रेश रख सकते हैं.
1. गिलास और पानी में ऐसे करें स्टोर
जैसे हम फूलों को ताजा रखने के लिए पानी से भरे किसी बर्तन या गुलदस्ते में रखते हैं, वैसे ही धनिया और पुदीना की जड़ों को भी पानी से भरे एक गिलास या जार में डुबोकर रख दें. ध्यान रहे कि केवल जड़ें पानी में हों पत्तियां नहीं. ऊपर से एक पॉलीथीन या सूती कपड़ा ढंक दें. इससे ये 4-5 दिनों तक बिल्कुल ताजे रहेंगे. अगर आपको फ्रिज में स्टोर करना है तो धनिया और पुदीना की पत्तियों की जड़ों को काटकर ऐसे ही सीधे स्टोर कर दें.
2. सूती कपड़े का करें इस्तेमाल
इस ट्रिक के लिए सबसे पहले आप धनिया और पुदीना को साफ करके उसकी पीली पत्तियां हटा दें. अब एक सूती कपड़े को हल्का गीला करें लेकिन बहुत ज्यादा नहीं और उसमें इन जड़ी-बूटियों को लपेटकर किसी ठंडी और छायादार जगह पर रख दें. दिन में एक-दो बार कपड़े पर पानी की छींटें मारते रहें.
3. एयरटाइट कंटेनर और पेपर टॉवल का यूज
बिना फ्रिज के भी आप इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रख सकते हैं. बस डिब्बे के नीचे और ऊपर पेपर टॉवल या अखबार की एक परत बिछा दें. यह कागज नमी को सोख लेगा जिससे पत्तियां गलेंगी नहीं.
4. हल्दी के पानी का करें यूज
धनिया और पुदीना को स्टोर करने से पहले हल्के गुनगुने पानी में थोड़ी सी हल्दी मिलाकर धो लें. इससे बैक्टीरिया मर जाते हैं और पत्तियां लंबे समय तक सड़ती नहीं हैं.
5. धनिया की पत्तियां काटकर करें स्टोर
अगर आप चाहें तो धनिये और पुदाने की पत्तियों को काटकर एक एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके उसे कई दिन तक ताजा रख सकते हैं. इसके लिए आप धनिया और पुदाना को अच्छी तरह धो लें और फिर उसे हवा में सुखा लें. ध्यान रहे कि इसे धूप से दूर रखना है. इसके बाद उसकी जड़ें काट दें और कटे हुए धनिये को एक एयरटाइट कंटेनर में रख दें. इस ट्रिक से धनिया और पुदीना फ्रेश और खुशबूदार बना रहेगा.
aajtak.in