गर्मियां आते ही छिपकली और चूहों का घरों में आना शुरू हो जाता है, जो कई बार बड़ी परेशानी की वजह भी बन जाते हैं. चूहे तो कपड़े, तार, कागज वगैरा काट देते हैं, इसलिए लोग चूहों से काफी परेशान होते हैं. घर में चूहों का आना सिर्फ गंदगी ही नहीं बल्कि कई बीमारियों का कारण भी बन सकता है.
कई बार लोग यह समझ नहीं पाते कि आखिर साफ-सफाई के बावजूद घर में चूहे क्यों आ रहे हैं. मगर हमारी रोजाना की कुछ छोटी-छोटी गलतियां ही चूहों को घर में आने का खुद न्योता देती हैं. अगर समय रहते आप अपनी इन आदतों को नहीं बदलते हैं तो चूहों का आना लगातार बढ़ता जाएगा.
खुले में खाना छोड़ना पड़ सकता है भारी
रात का खाना कई बार बच जाता है, जिसे लोग किचन में ऐसे ही खुला छोड़ देते हैं. यही खाना ही चूहों के घर में आने का सबसे बड़ा कारण बनते हैं, क्योंकि रखे खाने की खुशबू उन्हें आसानी से घर तक खींच लाती है.
खासतौर पर आटा, चावल, दाल और मिठाई जैसी चीजें अगर खुले डिब्बों में रखी हों तो चूहे जल्दी पहुंच जाते हैं. इसलिए खाने की हर चीज को एयरटाइट कंटेनर में बंद करके ही रखें. इससे चीजें सुरक्षित भी रहती हैं और चूहे भी घर के अंदर नहीं आते हैं.
सिंक में पड़े गंदे बर्तन बढ़ाते हैं परेशानी
डिनर करने के बाद लोग आलसम में गंदे बर्तनों को सिंक में ही छोड़ देते हैं और रातभर सिंक में जूठे बर्तनों की वजह से भी चूहे घर आते हैं. इन बर्तनों में बचा खाना चूहों के लिए खाना का आसान जरिया बन जाता है, जिसे खाने के लिए वो आपके घर में घुस आते हैं. इसलिए हमेशा बड़े-बुजुर्ग कहते हैं कि हमेशा सोने से पहले रात को सारे गंदे बर्तन धोकर सोना चाहिए.
कूड़ेदान की सफाई न करना भी बड़ी गलती
घरों में अक्सर लोग कूड़ेदान को खुला रखते हैं और कई दिनों तक साफ नहीं किया जाता है. इसकी वजह से भी चूहे जल्दी घरों में आते हैं. गीला कचरा और खाने के टुकड़े उन्हें घर में रुकने का कारण देते हैं, इसलिए हमेशा ढक्कन वाले डस्टबिन का इस्तेमाल करें और रोजाना कूड़ा बाहर फेंकें.
दीवारों और दरवाजों की दरारें बनती हैं रास्ता
छिपकली की तरह ही चूहे भी छोटी-छोटी जगहों से घर में घुस जाते हैं और ऐसे में आपके घरों की दीवारों और दरवाजों की दरारें भी उनके लिए एंट्री गेट का काम करते हैं. इसलिए घर में ऐसी जगहों को समय-समय पर बंद करवाना जरूरी है.
पुराने सामान का ढेर भी है एक जगह
घरों में मौजूद एक्सट्रा समान को लोग एक जगह पर जमा करके रख देते हैं. जैसे स्टोर रूम में पुराने अखबार, कपड़े, गत्ते और बेकार सामान जमा रहने से चूहों को छिपने की सुरक्षित जगह मिल जाती है.
लंबे समय तक बिना इस्तेमाल का सामान चूहों का बसेरा बन सकता है. इसलिए घर में मौजूद कबाड़ को तुरंत घर से बाहर फेंक देना सही होता है.
नियमित सफाई से दूर रहेंगे चूहे
अगर घर और रसोई की रोजाना अच्छी तरह सफाई करने से भी चूहों का आना काफी हद तक कम किया जा सकता है. खाने की चीजें ढककर रखी जाएं और कूड़े का सही तरीके से निपटान किया जाए, तो चूहे अपने आप ही आपके घर से बाहर जाने लगते हैं. चूहों को घर से भगाने के लिए आप घर की सफाई करते समय पानी में पुदीने के तेल की कुछ बूंदे मिला सकते हैं, क्योंकि इसकी स्मेल उनको बिल्कुल पसंद नहीं होती है और वो घर से भाग जाते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क