बारिश के दिनों में अक्सर घर की छत पर मौजूद चीजें खराब और गंदी हो जाती हैं. पानी की टंकी को अक्सर ही घरों में खुले में छत पर ही रखते हैं, लेकिन जब बारिश पड़ती है तो उसका पानी कई बार उसके अंदर चला जाता है और बाहर भी टंकी पर सफेद लाइनें पड़ जाती हैं. टंकी अगर समय-समय पर साफ न की जाए, तो उसमें काई, मिट्टी, बदबू और बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं.
यह गंदा पानी न सिर्फ दिखने में खराब लगता है, बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है. अच्छी बात यह है कि आप बिना ज्यादा खर्च किए आप घर पर ही आसानी से टंकी को साफ कर सकते हैं. आइए कुछ असरदार तरीके जानते हैं, जिनसे आप टंकी की सफाई मिनटों में ही कर पाएंगे.
टंकी को पूरी तरह खाली करें
पानी की टंकी साफ करने के लिए सबसे पहले तो आप टंकी में मौजूद सारा पानी बाहर निकाल दें. अगर टंकी के अंदर थोड़ा पानी बचा है, तो उसे भी बाहर कर दें. इसके बाद अंदर जमा पत्तियां, मिट्टी या कचरा हाथ या झाड़ू से साफ कर दें.
दीवारों और तली की अच्छी तरह सफाई करें
जब टंकी से साफ सारी गंदगी साफ कर दें, उसके बाद आप टंकी के अंदर की दीवारों और तले को ब्रश या नारियल के झाड़ू से रगड़कर साफ कर लें. जहां काई या जमी हुई गंदगी को अच्छी तरह से रगड़कर हटाएं. अगर वो तब भी न निकलें तो आप गुनगुने पानी में थोड़ा सा डिटर्जेंट मिलाकर उसे रगड़ सकते हैं, लेकिन ज्यादा केमिकल्स से बचें.
जर्म्स को खत्म करने के लिए करें डिसइंफेक्शन
पानी की टंकी का इस्तेमाल घर के हर काम के लिए किया जाता है, इसलिए उसकी सिर्फ सफाई करना काफी नहीं है, टंकी से सारे जर्म्स को साफ करना भी जरूरी है. इसके लिए एक बाल्टी पानी में थोड़ा सा ब्लीचिंग पाउडर मिलाएं और उसे टंकी में डालकर 20 से 30 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे बैक्टीरिया और बदबू खत्म दोनों ही खत्म हो जाएंगे.
अगर आप टंकी साफ करने के लिए केमिकल्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो फिटकरी सबसे बेस्ट है. फिटकरी को पानी में घुमाकर टंकी में डालने से गंदगी नीचे बैठ जाती है और पानी साफ हो जाता है. पानी की टंकी को साफ करने का यह एक सुरक्षित और देसी तरीका है.
अब टंकी को 2 से 3 बार साफ पानी से धो लें, ताकि कोई भी केमिकल या गंदगी अंदर न रह जाए. धोने के बाद टंकी को थोड़ी देर के लिए खुला छोड़ दें ताकि वह अच्छी तरह से सूख जाए. इसके बाद ही उसमें ताजा पानी भरें, जिससे पानी पूरी तरह साफ और सुरक्षित रहे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क