How to Make Soft Pakora for Kadhi: कढ़ी-चावल का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. खासकर जब कढ़ी में नरम और फूले-फूले पकौड़े हों तो उसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. लेकिन कई बार घर पर पकौड़े सख्त या ज्यादा तेल वाले बन जाते हैं, जिससे पूरी कढ़ी का मजा खराब हो जाता है.
अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी कढ़ी के पकौड़े बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसे सॉफ्ट बनें तो इसके लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा. आइए जानते हैं वे आसान टिप्स, जिनसे आपकी कढ़ी के पकौड़े बिल्कुल हलवाई जैसे सॉफ्ट और लाजवाब बनेंगे.
बैटर को अच्छी तरह फेंटें
सॉफ्ट पकौड़ों के लिए बैटर का सही होना बहुत जरूरी है. बेसन के घोल को कुछ मिनट तक अच्छे से फेंटें, ताकि उसमें हवा भर जाए. इससे पकौड़े अंदर से हल्के और मुलायम बनते हैं.
पानी की मात्रा का ध्यान रखें
बैटर में पानी न ज्यादा डालें और न ही बहुत कम. अगर घोल ज्यादा गाढ़ा होगा तो पकौड़े सख्त बन सकते हैं. मीडियम गाढ़ा बैटर पकौड़ों को अच्छी तरह पकने और लंबे समय तक नरम रखने में मदद करता है.
मीडियम गैस पर तलें
पकौड़ों को हमेशा मीडियम गैस पर तलना चाहिए. तेज आंच पर तलने से पकौड़े बाहर से जल्दी कुरकुरे हो जाते हैं लेकिन अंदर से ठीक से नहीं पकते. मीडियम आंच पर तलने से पकौड़े अच्छे से पकते हैं और उनका टेक्सचर नरम बना रहता है.
एक साथ ज्यादा पकौड़े न तलें
पकौड़े तलते वक्त कभी भी एक साथ ज्यादा पकौड़े न डालें. बहुत सारे पकौड़े डालने से तेल का टेंपरेचर कम हो जाता है, जिससे पकौड़े बराबर नहीं पकते. इसलिए पकौड़ों को थोड़ा-थोड़ा करके तलें. इससे वे अंदर से सॉफ्ट और बाहर से क्रिस्पी होते हैं.
कढ़ी में डालने से पहले पानी में भिगोएं
पकौड़ों को तलने के बाद कुछ मिनट के लिए गुनगुने पानी में डाल दें. इससे उनका एक्स्ट्रा तेल निकल जाता है और वे और भी सॉफ्ट हो जाते हैं. फिर हल्के हाथ से पानी निचोड़कर इन्हें कढ़ी में डालें और कुछ देर पकने दें. इससे पकौड़े कढ़ी का स्वाद अच्छे से सोख लेते हैं और खाने में बेहद सॉफ्ट और टेस्टी लगते हैं.
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप घर पर ही मुलायम, फूले-फूले और टेस्टी पकौड़े बना सकते हैं जो आपकी कढ़ी का स्वाद कई गुना बढ़ा देंगे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क