भूख लगी हो, कुछ कुरकुरा खाने का मन हो या फिर मूवी देखते-देखते कुछ क्रेविंग कम करना हो, ऐसे में हर किसी की पहली पसंद आलू के चिप्स होते हैं. और आलू चिप्स का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाना लाजमी है. इसके लिए लोग मार्केट से आलू चिप्स लेकर आते हैं क्योंकि घर पर मार्केट जैसे चिप्स बनाना कापी मुश्किल होता है. अक्सर जो घर पर टिप्स बनाते हैं तो वो या तो नर्म पड़ जाते हैं या उनका रंग लाल हो जाता है. अगर आपके घर पर भी ऐसा ही होता है तो आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताएंगे जिनकी मदद से आप भी अपने घर के किचन में बिल्कुल मार्केट में मिलने वाले करारे चिप्स तैयार कर पाएंगे.
चिप्स को बाजार जैसा बनाने के लिए सबसे जरूरी कदम है सही आलू चुनना. पुराने या मीठे आलू का इस्तेमाल करने से चिप्स तलते समय लाल हो जाते हैं और करारे नहीं बनते इसलिए हमेशा आप सोना या चिपसोना वैरायटी के नए आलू का इस्तेमाल करें.
नए आलू में स्टार्च की मात्रा सही होती है और नमी कम होती है. आलू को छीलने के बाद उन्हें तुरंत ठंडे पानी में डालें ताकि वे काले न पड़ें. यदि आपके आलू अच्छे होंगे तो चिप्स भी मार्केट जैसे बनेंगे.
आपने देखा होगा मार्केट में मिलने वाले चिप्स को सफेद या हल्के पीले होते हैं. उन्हें ऐसा रंग देने और एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है 'फिटकरी'. दरअसल, जब आप आलू के स्लाइस काट लेते हैं तो उन्हें कम से कम 3 से 4 बार साफ पानी से धोने के बाद एक बर्तन में ठंडा पानी लें और उसमें थोडी सी फिटकटी डाल दें.
इसके बाद आलू की स्लाइस को आधे घंटे के लिए उसी पानी में छोड़ दें. फिटकरी आलू के ऊपरी हिस्से को सख्त कर देती है जिससे तलने के बाद वे लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं.
पानी से निकालने के बाद चिप्स को एक सूती कपड़े पर फैलाकर अच्छी तरह सुखा लें ताकि उनमें से नमी पूरी तरह से निकल जाए. तलते समय तेल का तापमान बहुत मायने रखता है. तेल को पहले तेज आंच पर गर्म करें और फिर आंच मीडियम कर दें.
चिप्स को धीरे-धीरे तलें ताकि वे अंदर तक पकें. एक साथ बहुत सारे स्लाइस कड़ाही में न डालें. जैसे ही झाग खत्म होने लगे और चिप्स तैरकर ऊपर आ जाएं, समझ लीजिए कि आपके मार्केट स्टाइल चिप्स तैयार हैं. अंत में ऊपर से थोड़ा सेंधा नमक या पेरी-पेरी मसाला छिड़कें और चाय के साथ लुत्फ उठाएं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क