गर्मियों में बनने वाली लौकी की सब्जी तो लोगों को बहुत टेस्टी लगती है और सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है. लौकी को दिल्ली वाले घिया भी कहते हैं, इसकी सब्जी, रायता और कोफ्ते लोग बनाते हैं, लेकिन इनके अंदर बीजों को देखते ही लोग मुंह बना लेते हैं और उनको निकालकर अलग फेंक देते हैं. हालांकि लोग ये नहीं जानते हैं कि घिया के बीज उनके बहुत काम आ सकते हैं, बस आपको उनका सही इस्तेमाल पता हो.
अगर आप भी लौकी की सब्जी बनाते समय उनके बीजों को कचरे में डाल देते हैं तो इस आर्टिकल को पढ़ने के बाद आप ऐसा करना बंद कर देंगे. लौकी के बीज कूड़ा नहीं है बल्कि बहुत काम की चीज है. इसलिए अगली बार गलती से भी लौकी के बीजों को फेंकने की गलती न करें. पोषक तत्वों से भरपूर लौकी के ये छोटे-छोटे बीजों का सही इस्तेमाल करके आप कई तरह के फायदे हासिल कर सकते हैं.
लौकी के बीजों को बेकार समझकर कूड़े में फेंक दिया जाता है, मगर इन्ही बीजों में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, मैग्नीशियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. जो हमारे शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं और इसके साथ ही इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं. इनके नियमित तौर पर सेवन करने से डाइजेशन बेहतर होता है और शरीर में एनर्जी भी बनी रहती है.
लौकी काटते समय इसके बीजों को अलग निकालकर रख लें और फिर बाद में उनको धोकर अच्छी तरह सुखा लें. फिर इनको एक पैन में देसी घी डालकर हल्का सा भूनकर लें, आप इनमें थोड़ा नमक और चाट मसाला मिला सकते हैं, इससे टेस्ट बढ़ जाएगा. ये एक बेहतरीन और हेल्दी स्नैक बन जाता है, जिसे आप चाय के साथ या हल्की भूख में खा सकते हैं.
लौकी के बीजों को भी आप बाकी सीड्स की तरह ही स्मूदी और सलाद बनाते समय इस्तेमाल कर सकते हैं. लौकी के बीजों का आप सुखाकर पाउडर बना सकते हैं और फिर उसी पाउडर को शेक, सलाद और स्मूदी में डालकर मिला लें. यह न सिर्फ स्वाद बढ़ता है बल्कि इसको डालने से पोषण भी दोगुना हो जाता है. खासकर बच्चों के लिए यह एक अच्छा न्यूट्रीशन बूस्टर है और बड़ों के लिए भी बढ़िया है.
लौकी के बीजों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स हमारी स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने में मदद करते हैं. आप इनका पेस्ट बनाकर फेस पैक की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा इनको हेयर मास्क की तरह भी यूज कर सकते हैं, क्योंकि ये बालों को मजबूत बनाने और हेयर फॉल कम करने में भी काम आते हैं.
अगर आप गार्डनिंग के शौकीन हैं, तो लौकी के बीजों को फेंकने की बजाय इन्हें मिट्टी में डाल सकते हैं. ये धीरे-धीरे सड़कर खाद का काम करते हैं और पौधों की ग्रोथ में मदद करते हैं. इस तरह से आपको बाजार से महंगी खाद खरीदकर लाने की भी जरूरत नहीं पड़ती है और घर पर ही आपको बढ़िया नेचुरल खाद मिल जाती है.
अब जब भी आप लौकी काटें, तो उसके बीजों को फेंकने की गलती न करें. ये छोटे से बीज आपके घर और सेहत दोनों के लिए बड़े काम के साबित हो सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क