कर्नाटक के यादगिर जिले के गुरुमितकल पुलिस स्टेशन में विजयपुरा सिटी के विधायक बसनागौड़ा पाटिल यतनाल के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने 21 फरवरी 2026 को शिवाजी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिए गए उनके बयानों पर स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए यह मामला दर्ज किया.
विधायक यतनाल पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 196, 299, 302, 352 और 353 के तहत केस दर्ज हुआ है. यह कार्यक्रम गुरुमितकल बस स्टैंड के पास संपन्न हुई एक भव्य शोभायात्रा के बाद आयोजित किया गया था, जहां यतनाल मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे.
यतनाल पर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाने और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले बयान देने का आरोप है.
नेताओं और समुदाय पर विवादित टिप्पणी
एफआईआर के मुताबिक, यतनाल ने अपने भाषण में कहा कि अगर शिवाजी न होते तो सभी का खतना हो गया होता. उन्होंने महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता के बजाय 'पाकिस्तान का पिता' और जवाहरलाल नेहरू को भारत का नहीं बल्कि 'पाकिस्तान का प्रधानमंत्री' बताया. उन्होंने टीपू सुल्तान और औरंगजेब के वक्त धर्म परिवर्तन करने वालों को चूहा और हिंदू रहने वालों को बाघ कहकर संबोधित किया.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर का वो बल्लेबाज, जिसने रणजी फाइनल में रचा इतिहास... बैकफुट पर 8 बार की चैम्पियन टीम कर्नाटक
लव जिहाद और अन्य आरोप
विधायक पर 'लव जिहाद' को लेकर भी टिप्पणी करने का आरोप है, जिसमें उन्होंने कहा कि महिलाओं से शादी कर उन्हें तलाक दिया जा रहा है. एफआईआर में जिक्र है कि उन्होंने कुछ समूहों पर देश को लूटने और लड़कियों के साथ गलत काम करने के आरोप लगाए. इन बयानों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जिला पुलिस कार्यालय से कानूनी राय ली और कार्रवाई शुरू की.
नागार्जुन