कर्नाटक के बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित एक मेडिकल कॉलेज से एक विवादित मामला सामने आया है. यहां एक प्रोफेसर ने क्लास के दौरान ही एक छात्रा को प्रपोज कर दिया, जिसके बाद माहौल अचानक गर्म हो गया.
बताया जा रहा है कि प्रोफेसर ने माइक्रोफोन पर कहा कि वह अपनी बैच की एक महत्वपूर्ण लड़की को प्रपोज करना चाहते हैं. इसके बाद उन्होंने छात्रा का नाम लिया. यह सुनते ही छात्रा ने तुरंत विरोध किया और वहीं से बहस शुरू हो गई.
वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्रा साफ तौर पर प्रोफेसर के दावे को खारिज करती है. वह कहती है, 'अगर आपको बात करनी है तो आप प्रिंसिपल के पास जा सकते हैं. पूरी क्लास आपके साथ जाएगी.'
इसके बाद दोनों के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला चलता है.
प्रोफेसर: 'तुमने मुझे प्रपोज कैसे किया.'
छात्रा: 'मैंने कब प्रपोज किया.'
प्रोफेसर: 'क्या तुमने ‘आई लव यू’ नहीं कहा.'
छात्रा: 'एक्सक्यूज मी. मैंने कब प्रपोज किया.'
प्रोफेसर: 'सीसीटीवी में सब है.'
छात्रा: 'वो मुझे दिखाइए.'
इसके बाद प्रोफेसर क्लास से बाहर निकलते हुए कहते हैं, 'मैं तुमसे कल बात करूंगा.'
छात्रा जवाब देती है, 'मैं बात नहीं करना चाहती.'
कुछ ही देर बाद मामला और बढ़ गया. कॉलेज परिसर में छात्रा और उसके साथियों ने प्रोफेसर की पिटाई कर दी. वीडियो में देखा गया कि उन्हें चप्पलों से मारा गया और कई छात्र इसमें शामिल थे. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया और चर्चा का विषय बन गया. पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम कॉलेज पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारी इस घटना के हर पहलू को समझने की कोशिश कर रहे हैं.
नागार्जुन