क्या कोई किराएदार कुछ समय बाद उस घर या जमीन पर अपना मालिकाना हक साबित कर सकता है, जहां वो लंबे समय से रह रहा है. कहा जाता है कि अगर कोई किराएदार लगातार 12 सालों से किसी जगह पर रह रहा है तो वो वहां कब्जा कर सकता है. ऐसे में जानते हैं कि क्या ऐसा सही में हो सकता है और 12 साल वाली बात कितनी सही है. इस बारे में हमने जमीन से जुड़े मामलों के वकील से जाना और उन्होंने बताया कि किन-किन परिस्थितियों में किराएदार संपत्ति पर अपना हक साबित कर सकता है.
वैसे तो भारतीय कानून में किराएदार सामान्य रूप से मालिक नहीं बन सकता, लेकिन एडवर्स पजेशन के तहत विशेष परिस्थितियों में ऐसा दावा संभव हो सकता है. तो समझते हैं ये एडवर्स पजेशन क्या है...
क्या 12 साल में बन सकता है मकान मालिक?
इस बारे में दिल्ली हाईकोर्ट के वकील प्रेम जोशी ने बताया कि कुछ स्थितियों में किराएदार उस जमीन पर मालिकाना हक का दावा कर सकता है, जहां वो कई साल से रह रहा है. उन्होंने बताया, 'अगर प्राइवेट जमीन की बात करें इस स्थिति में कोई किराएदार 12 साल बाद एजवर्स पजेशन के तहत दावा कर सकता है.
एजवर्स पजेशन का मतलब है कि जब किराएदार वहां रह रहा है और उसके एवज में ना तो किराया दे रहा है और ना ही मकान मालिक ऐसा करने के लिए कह रहा है. या असली मकान मालिक का पता नहीं है तो ऐसी स्थिति में 12 साल बाद दावा किया जा सकता है.'
प्रेम जोशी ने बताया, 'जैसे कई बार किराएदार किसी घर में रहते हैं और मकान मालिक विदेश चले जाते हैं या मकान मालिक को अपनी संपत्ति के बारे में पता नहीं होता है तो इस स्थिति में किराएदार अपना दावा कर सकता है. इस स्थिति में सबसे खास बात ये है कि इसमें मकान मालिक की ओर से कोई दावा नहीं होना चाहिए और मकान मालिक कोई पार्टी नहीं होनी चाहिए. उस स्थिति में किराएदार को मालिकाना हक उस जगह पर मिल सकता है, जहां वो 12 साल से रह रहा हो.'
उन्होंने बताया कि अगर ये मामला सरकारी जमीन से जुड़ा होता है तो उस स्थिति में यह समय 30 से ज्यादा साल होता है. यानी अगर कोई 30 से ज्यादा साल से सरकारी जमीन पर रह रहा है और उसके बाद भी सरकार की ओर से कोई दावा नहीं किया जा रहा और सरकार की ओर से कोई किराया भी नहीं लिया जा रहा है तो इस स्थिति में किराएदार की ओर से मालिकाना हक का दावा किया जा सकता है.
अगर आप मकान मालिक हैं तो क्या करें...
अगर आप मकान मालिक हैं तो आप रेंट एग्रीमेंट बनवाते रहें और हर 11 महीने में रेंट एग्रीमेंट को रिन्यू करवाते रहें. ऐसी स्थिति में कोई भी किराए की जमीन पर अपना कब्जा नहीं कर सकता है. साथ ही आप जो किराया ले रहे हैं, उसका रिकॉर्ड भी रखें.
aajtak.in