उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. सिडकुल थाना क्षेत्र के ग्राम रावली महदूद में 10वीं कक्षा के एक छात्र की करंट लगने से मौत हो गई. यह घटना उस समय हुई जब छात्र अपनी बोर्ड परीक्षा से एक दिन पहले स्कूल की यूनिफॉर्म प्रेस कर रहा था.
जानकारी के अनुसार, छात्र घर में कपड़े प्रेस कर रहा था, तभी अचानक उसे तेज करंट लगा. करंट लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा. परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि प्रेस करते समय संभवतः बिजली के तार या उपकरण में खराबी के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
परिजनों ने पोस्टमार्टम को लेकर आपत्ति जताई, जिसके कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल और घर के बाहर जमा हो गए. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने समझाइश देकर माहौल को शांत कराया.
मुदित अग्रवाल