उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दर्दनाक घटना हुई है. यहां अशफाक नगर के साड़ी कारखाने में भीषण आग लगने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई. आग लगने के वक्त कमरे में चार लोग काम कर रह थे. चारों आग की लपटों में बुरी तरह से घिर गए और बाहर नहीं निकल पाए.
इलाके में संकरी गली होने के कारण बड़ी मुश्किल से आग बुझाई गई और कमरे में रखा गैस सिलेंडर को बाहर निकाला. जिससे कोई बड़ा हादसा न हो सके. आसपास के लोग कमरे में मौजूद लोगों को निकाल नहीं सके और चारों की झुलस कर मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि साड़ी फिनिशिंग के कमरे में साड़ी, फोम और फिनिशिंग सामग्री रखी हुई थी. इसमें कुछ सिंथेटिक मटेरियल की थी. इस वजह से आग ज्यादा जल्दी फैली.
इस घटना में मदनपुर का 45 साल का शख्स, उसका 22 साल का बेटा समेत बिहार के अररिया के रहने वाले 18 और 17 साल के दो मजदूरों की मौत हुई है. पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
इस घटना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने आपदा राहत के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है, जो मृतकों के परिजनों को दी जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रोशन जायसवाल