कनाडा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की बेरहमी से हत्या, मां ने लगाए गंभीर आरोप

कनाडा के विंडसर के लसाल इलाके में भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पहले से धमकियां मिल रही थीं और दो महीने पहले घर में आग भी लगाई गई थी. उनका दावा है कि हमलावरों ने नैन्सी के पेट में कई बार चाकू से वार कर हत्या की.

Advertisement
कनाडा में नैंसी की हत्या (Photo: Screengrab) कनाडा में नैंसी की हत्या (Photo: Screengrab)

देवेंद्र कुमार शर्मा

  • जालंधर,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:23 PM IST

कनाडा के विंडसर शहर के लसाल इलाके में भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. मूल रूप से पंजाब के लुधियाना जिले के नारंग गांव की रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल की मंगलवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है.

Advertisement

मृतका की मां सुंदर पाल ग्रेवाल ने इस हत्या को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनकी बेटी को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और दो महीने पहले उसके घर में आग भी लगा दी गई थी. मां के मुताबिक, नैन्सी की हत्या पुरानी दुश्मनी के चलते की गई है.

18 बार चाकू मारकर की गई हत्या, पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां

परिवार के अनुसार नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं और गलत गतिविधियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाती थीं. उनकी मां ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब से जुड़े कुछ लोगों के साथ उनकी बेटी का विवाद चल रहा था. नैन्सी ने वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाने की बात कही थी और राशन चोरी जैसे मामलों को लेकर आवाज उठाई थी, जिससे कुछ लोग उनसे नाराज हो गए थे.

Advertisement

मां का आरोप है कि इन लोगों ने उनकी बेटी को कई बार माफी मांगने के लिए दबाव डाला, लेकिन नैन्सी ने माफी मांगने से इनकार कर दिया. इसके बाद उसे डराने-धमकाने की घटनाएं बढ़ गईं. सुंदर पाल ग्रेवाल ने बताया कि उनकी बेटी को लगातार धमकियां मिल रही थीं और वह हर बार इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाती थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.

दो महीने पहले घर में लगाई गई थी आग, पुरानी दुश्मनी को बताया हत्या की वजह

परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन नैन्सी एक मरीज को देखने गई थीं. जैसे ही वह मरीज के घर से बाहर निकलीं, वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने नैन्सी के पेट में करीब 18 बार चाकू से वार किए और उनकी जुबान भी काट दी.

मां का कहना है कि जहां यह घटना हुई वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, जिससे हमलावरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई. उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी हमलावर उनके घर की रेकी करने आए थे, लेकिन घर में कैमरे लगे होने के कारण वहां हमला नहीं कर पाए.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement