140 लाख मीट्रिक टन गेहूं तैयार, मशीनों के लिए 'ईंधन' नहीं, CM मान बोले- केंद्र तुरंत करे कार्रवाई

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गेहूं की कटाई के सीजन से पहले केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और डीएपी खाद की सप्लाई सुनिश्चित करने की अपील की है. उन्होंने साफ किया कि राज्य में 140 लाख मीट्रिक टन गेहूं के बंपर उत्पादन की उम्मीद है, इसलिए तेल की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए. उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि राज्य में ईंधन और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है.

Advertisement
सीएम मान का भरोसा: राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं (Photo: ITG) सीएम मान का भरोसा: राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:18 PM IST

पंजाब में गेहूं की कटाई का सीजन शुरू होने वाला है और इस बार राज्य में 140 लाख मीट्रिक टन गेहूं के बंपर उत्पादन की उम्मीद है. इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर और प्रधानमंत्री के साथ बैठक कर पेट्रोल, डीजल और डीएपी (DAP) खाद की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है. मान ने चेतावनी दी है कि अगर तेल की सप्लाई में कोई रुकावट आई, तो इसका सीधा असर देश की खाद्य सुरक्षा पर पड़ सकता है.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा देते हुए कहा कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. राज्य में इस वक्त 12 से 14 दिनों का पेट्रोल-डीजल और करीब 6 दिनों का गैस (LPG) स्टॉक मौजूद है, जो कि पूरे साल के सामान्य स्टॉक जितना ही है. सप्लाई भी लगातार जारी है. उन्होंने बताया कि भारत के 41 देशों के साथ समझौते हैं और देश के पास पहले से ही 60 दिनों का तेल और 30 दिनों का गैस स्टॉक सुरक्षित है.

इस दौरान, भगवंत मान ने आंकड़ों के जरिए जनता को भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई बात नहीं है. उन्होंने बताया कि गुरुवार तक राज्य में एलपीजी रिफिल के लिए 71 हजार आवेदन आए थे, जिनमें से 69 हजार की डिलीवरी पहले ही की जा चुकी है. भगवंत मान ने अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि पंजाब में किसी भी तरह के लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है, जनता बेफिक्र रहे.

Advertisement

वहीं, जमाखोरों पर लगाम लगाने के लिए मान सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में है. अब तक करीब 1,500 जगहों पर छापेमारी कर 301 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि खेती या उद्योगों के लिए तेल और खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी. किसी भी तरह की परेशानी होने पर जनता हेल्पलाइन नंबर 0172-3321001 पर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकती है.

प्रधानमंत्री से की कूटनीतिक रास्तों के इस्तेमाल की अपील

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई वर्चुअल बैठक का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने केंद्र से डीएपी खाद की सप्लाई को प्राथमिकता देने को कहा है, क्योंकि 1 जून से धान की बुवाई शुरू होनी है. सीएम मान ने प्रधानमंत्री को सुझाव दिया कि कूटनीतिक रास्तों का इस्तेमाल कर तेल और खाद की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने यह भी मांग उठाई कि ग्रामीण इलाकों में एलपीजी रिफिल का समय 45 दिन से घटाकर शहरों की तरह 25 दिन किया जाए.

मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि पंजाब हमेशा की तरह देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार है. राज्य के गोदामों में इस वक्त 181 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 139 लाख मीट्रिक टन धान उपलब्ध है, जिसे देश के किसी भी हिस्से में भेजा जा सकता है. उन्होंने केंद्र द्वारा पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम करने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे जनता का भरोसा बढ़ाने वाला कदम बताया. अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में किसी भी तरह के लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है और सभी काम सामान्य रूप से चलते रहेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement