पंजाब में अवैध हथियार तस्करी गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. साथ ही उनके पास से छह पिस्तौल भी बरामद की है. जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान के तस्करों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए हथियार मंगवाते थे. ये हथियार राज्य में सक्रिय अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे, जिससे कानून-व्यवस्था को खतरा बढ़ रहा था.

Advertisement
अपराधियों को हथियार सप्लाई करता था गैंग. (Photo: Representational ) अपराधियों को हथियार सप्लाई करता था गैंग. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • चंडीगढ़,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:07 PM IST

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह पिस्तौल भी बरामद की है. यह कार्रवाई राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

Advertisement

अपराधियों तक अवैध हथियार पहुंचाता था गैंग
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में थे. वे सोशल मीडिया के माध्यम से इन तस्करों से जुड़े और उनके निर्देश पर अवैध हथियारों की खेप मंगवाते थे.

जांच के अनुसार हथियारों की खेप मिलने के बाद आरोपी उन्हें पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे. इस तरह वे राज्य में अपराध को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहे थे. पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
यह मामला अमृतसर के कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है. पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस्तेमाल पहले किसी अपराध में हुआ है या नहीं.

Advertisement

डीजीपी यादव ने कहा कि पुलिस इस मामले में आगे और पीछे के सभी संपर्कों की गहन जांच कर रही है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने और इसमें शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement