'कुछ भी ऐसा ना करें, जिनसे नारीशक्ति की भावनाएं...', वोटिंग से पहले PM मोदी की विपक्ष के हर सांसद से अपील

संसद में 'नारीशक्ति वंदन अधिनियम' पर ऐतिहासिक चर्चा के बाद अब वोटिंग की बारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के हर सांसद से भावुक अपील की है. उन्होंने जोर देकर कहा कि आज देश की करोड़ों महिलाओं की नजर सांसदों की नीयत और उनके फैसले पर है, इसलिए संवेदनशीलता दिखाते हुए इस बदलाव का साथ दें.

Advertisement
वोटिंग से पहले पीएम मोदी की बड़ी अपील. (Visual: Sansad TV via PTI) वोटिंग से पहले पीएम मोदी की बड़ी अपील. (Visual: Sansad TV via PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:45 PM IST

संसद में इस समय 'नारीशक्ति वंदन अधिनियम' में संशोधन को लेकर जबरदस्त चर्चा चल रही है. आलम यह है कि चर्चा इतनी लंबी चली कि कल रात 1 बजे तक सदन की कार्यवाही जारी रही. अब से कुछ ही देर में लोकसभा में इस पर वोटिंग होने वाला है. वोटिंग से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के हर सांसद और सभी राजनीतिक दलों से बहुत ही भावुक अपील की है. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि 'मैं सभी सदस्यों से प्रार्थना करूंगा कि कुछ भी ऐसा ना करें, जिनसे नारीशक्ति की भावनाएं आहत हों.' पीएम मोदी ने सांसदों को याद दिलाया कि आज देश की करोड़ों महिलाओं की नजर हम सभी की नीयत और हमारे निर्णय पर टिकी है.

Advertisement

पीएम मोदी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि इस बिल को लेकर जो भी भ्रम फैलाए गए थे, उनका तर्क के साथ जवाब दिया गया है और हर आशंका का समाधान कर दिया गया है. जिन सदस्यों के पास जानकारी की कमी थी, उन्हें पूरी जानकारी दी गई है ताकि विरोध का कोई विषय ही न रहे. पीएम मोदी के मुताबिक, महिला आरक्षण के इस मुद्दे पर देश में पिछले चार दशक से बहुत ज्यादा राजनीति हो चुकी है. अब समय आ गया है कि देश की आधी आबादी को उनका अधिकार जरूर मिले. आजादी के इतने साल बीतने के बाद भी निर्णय लेने वाली जगहों पर महिलाओं की संख्या इतनी कम रहना बिल्कुल ठीक नहीं है.

करोड़ों महिलाओं की नजर हम पर, संवेदनशीलता से लें फैसला

वोटिंग से ठीक पहले प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करते हुए कहा कि कृपया करके पूरे सोच-विचार और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लें और महिला आरक्षण के पक्ष में अपना वोट दें. उन्होंने साफ कहा कि सदन के भीतर किसी भी सदस्य को ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे नारीशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचे. यह सिर्फ एक कानूनी बदलाव नहीं है, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों से जुड़ा फैसला है.

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी अपील में इस बात पर जोर दिया कि अब देश की माताओं-बहनों को और इंतजार नहीं कराया जा सकता. उन्होंने सभी सांसदों से प्रार्थना की कि वे एकजुट होकर 'नारीशक्ति वंदन अधिनियम' में संशोधन का साथ दें. अब पूरी दुनिया और देश की करोड़ों महिलाएं देख रही हैं कि संसद के भीतर उनके प्रतिनिधि क्या फैसला लेते हैं। यह एक ऐसा पल है जहां राजनीति से ऊपर उठकर देश की नारीशक्ति को सशक्त बनाने की जरूरत है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement