Weather Update Today, May 02: मई के महीने में आमतौर पर लोग भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान होते हैं, लेकिन इस साल मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मई की शुरुआत ही बारिश के साथ हुई है. हालात ये हैं कि कई राज्यों में बारिश की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. नई दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक हर जगह बारिश के चलते तापमान में कमी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग की मानें तो देश में अगले पांच दिनों तक हीटवेव से भी राहत रहेगी.
नई दिल्ली के मौसम का हाल
IMD के मुताबिक, आज यानी 02 मई को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं, नई दिल्ली के तमाम इलाकों में आज गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, नई दिल्ली में बारिश का ये दौर 04 मई तक जारी रह सकता है. 05 मई से दिल्ली को बारिश से राहत रहेगी, लेकिन आसमान में बादलों का डेरा रहने के आसार हैं.
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं, अगर तापमान की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं, लखनऊ में भी बारिश का सिलसिला 04 मई तक जारी रहने की संभावना है. गाजियाबाद की बात करें तो आज यहां बारिश होगी और न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. गाजियाबाद में 05 मई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो आज जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है. वहीं, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.
इसके अलावा, केरल, आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों और दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थान पर मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, शेष पूर्वोत्तर भारत, मराठवाड़ा और राजस्थान और गुजरात में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है. बता दें, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि संभव है.
aajtak.in