भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने ईरान पर हुए हमलों को लेकर अमेरिका और इजरायल की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि रूस ईरान की जनता और उसकी सरकार के साथ पूरी एकजुटता में खड़ा है और मौजूदा हालात का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है. डेनिस अलीपोव नई दिल्ली में ईरान के दूतावास पहुंचे थे, जहां उन्होंने शोक-पुस्तिका (कंडोलेंस बुक) पर हस्ताक्षर किए. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि रूसी राष्ट्रपति ने भी इस घटना को लेकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
रूसी राजदूत ने कहा कि रूस ईरान की जनता और उसकी सरकार के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है. उन्होंने बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
अलीपोव ने कहा कि अमेरिका और इज़रायल द्वारा किए गए हमले अंतरराष्ट्रीय मानकों और नैतिकता का घोर उल्लंघन हैं. उन्होंने दोनों देशों से अपील की कि वे बातचीत की मेज पर लौटें. उनके मुताबिक रूस इस मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है. उन्होंने कहा कि जब वार्ताएं आगे बढ़ रही थीं, उसी दौरान ईरान पर हमला किया गया. हमें उम्मीद है कि ये हमले जल्द से जल्द रुकेंगे.
रूसी तेल को लेकर पूछे गए सवाल पर अलीपोव ने कहा कि यह फैसला भारत को ही करना है. रूस हमेशा भारत को तेल की आपूर्ति करने के लिए तैयार रहा है और आगे भी रहेगा. उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय भारत सरकार को ही करना है.
aajtak.in