पिछले कुछ दिनों से शीतलहर की चपेट में रहे उत्तर भारत को अब इससे राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों तक उत्तर भारत में शीतलहर नहीं चलेगी. हालांकि, 20 से 26 जनवरी के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर नजर आएगा जिसके कारण पहाड़ों पर बर्फबारी देखने को मिलेगी. इसी पश्चिमी विक्षोभ का असर 23 से 25 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों पर नजर आएगा. इस कारण से मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी.
मौसम विभाग की मानें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 से 22 जनवरी के बीच हल्की बारिश या बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है. इसके बाद 23 से 26 जनवरी के बीच बारिश या बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ जाएंगी. 23 से 25 जनवरी के बीच भारी बर्फबारी देखने को मिल सकती है. अगर मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 26 जनवरी के बीच गरज के साथ बारिश हो सकती है. देश की राजधानी दिल्ली में 23 से 25 जनवरी के बीच बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी.
कोहरे पर क्या है अपडेट
ओडिशा, असम, मेघालय, और त्रिपुरा में 19 से 21 जनवरी के बीच सुबह और शाम के वक्त सुदूर इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं, 20 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़त देखी जा सकती है. इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बदलाव नहीं देखने मिलेगा.
बारिश पर अपडेट
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कल यानी 20 जनवरी को अंडमान निकोबार के सुदूर इलाकों में बारिश देखने को मिलेगी. अरुणाचल प्रदेश के भी निर्जन इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में बारिश होगी.
पहाड़ों पर बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर: मौसम विभाग के मुताबिक, 21 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. वहीं, 22 जनवरी को अधिकतर जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 23 और 24 जनवरी से ये गतिविधियां तेज हो सकती हैं. इन दिनों प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि 25 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होता दिखाई देगा. इस दिन सुदूर के इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है.
हिमाचल प्रदेश: मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 19 जनवरी से ऊंचाई व मध्य क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है जबकि 22 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे पूरे प्रदेश में भारी बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है. विभाग की ओर से 22 से 25 जनवरी तक प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा. इस दौरान कई हिस्सों में भारी बर्फबारी होने की भी संभावना है.
उत्तराखंड में मौसमी गतिविधियां कम देखने को मिलेंगी. 23 जनवरी को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 24 जनवरी राज्य के कई इलाकों में हल्के से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है और 25 जनवरी को इसमें फिर कमी दर्ज हो सकती है. मौसम विभाग ने एक बार फिर से जोशीमठ में बारिश का अनुमान जताया है. ऐसे में जोशीमठ में लगातार बढ़ती दरारें मौसमी खतरे को बढ़ा सकती हैं. यहां लोग खौफ के साए में हैं. 20 जनवरी को जोशीमठ में गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है. 21 जनवरी तक पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है, जिसका असर इन दरारों पर भी देखने को मिल सकता है.
aajtak.in