पुणे, भोपाल समेत देश के कई शहरों में LPG सिलेंडर का संकट, लकड़ी पर खाना बना रहे होटल और रेस्टोरेंट

अमेरिका और ईरान के बढ़ते तनाव के बीच कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति रुकने से देश के होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर संकट गहराने लगा है. गैस की कमी के कारण कई जगहों पर होटलों को लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाना पड़ रहा है और कुछ ने ईंधन बचाने के लिए मेनू में भी बदलाव कर दिया है. भोपाल में होटल संचालकों के पास केवल 48 घंटे का गैस स्टॉक बचा है और यदि प्रतिबंध नहीं हटा तो कारोबार ठप पड़ सकता है.

Advertisement
कमर्शियल LPG का संकट जारी. (Photo:PTI) कमर्शियल LPG का संकट जारी. (Photo:PTI)

सगाय राज / रवीश पाल सिंह

  • नई दिल्ली,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:20 PM IST

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देश के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर भी दिखाई देने लगा है. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अचानक रुकने से कई शहरों के बड़े होटलों और रेस्टोरेंट को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. गैस न मिलने के कारण कुछ होटलों को मजबूर होकर लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है, ताकि भोजन तैयार करने का काम जारी रखा जा सके.

Advertisement

कई होटलों के कर्मचारी आसपास के इलाकों से लकड़ी इकट्ठा कर उसे जमा करते नजर आ रहे हैं. यह व्यवस्था खास तौर पर उन मेहमानों और कर्मचारियों के लिए की जा रही है जिनके लिए पहले से भोजन की व्यवस्था करनी जरूरी है.

पुडुचेरी में भी भारी संकट
वहीं पुडुचेरी में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी का असर साफ दिखाई दे रहा है. यहां के कुछ होटलों ने ईंधन की खपत कम करने के लिए अपने मेनू में बदलाव करना शुरू कर दिया है. एक होटल संचालक ने बताया कि मौजूदा संकट को देखते हुए अब शाम चार बजे से सात बजे के बीच केवल चाय, कॉफी और जूस ही परोसे जा रहे हैं, जबकि पहले इस समय नाश्ते की भी बिक्री होती थी.

एलपीजी सिलेंडर के एक वितरक के अनुसार केंद्र सरकार ने आदेश दिया है कि फिलहाल एलपीजी की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर केवल घरेलू उपभोक्ताओं को की जाए. इसी वजह से वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है, जिससे होटल उद्योग प्रभावित हो रहा है.

Advertisement

भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर प्रतिबंध
भोपाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर लगे प्रतिबंध का असर आने वाले दिनों में होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ सकता है. होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहा कि फिलहाल शहर के होटलों और रेस्टोरेंट के पास करीब 48 घंटे का ही कमर्शियल गैस स्टॉक बचा है.

तेजकुलपाल सिंह पाली ने आजतक से बातचीत में बताया कि यदि अगले दो दिनों के भीतर यह प्रतिबंध नहीं हटाया गया तो कई होटल और रेस्टोरेंट को अपना संचालन बंद करना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि भोपाल में रोजाना करीब 1000 कमर्शियल गैस सिलेंडरों की खपत होती है, जिससे इस आपूर्ति पर रोक का सीधा असर कारोबार पर पड़ेगा.

उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार होटल और रेस्टोरेंट संचालक अधिकतम दो दिन का ही गैस स्टॉक रख सकते हैं. फिलहाल उनके पास उतना स्टॉक मौजूद है, लेकिन अगले दो दिनों में यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा.

तेजकुलपाल सिंह पाली ने प्रशासन से मांग की है कि यदि गैस की आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकती तो होटल और रेस्टोरेंट को वैकल्पिक ईंधन, जैसे कोयले के इस्तेमाल की अनुमति दी जाए. उनका कहना है कि ऐसा होने पर कारोबार पर पड़ने वाला असर कुछ हद तक कम किया जा सकता है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement