उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण लू और सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस जानलेवा गर्मी का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में देखा जा रहा है, जहां चंद्रपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में सोमवार को 47.6°C अधिकतम तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया है. नागपुर में 46.5°C, भंडारा और गढ़चिरौली में 46.4°C, गोंदिया में 46.1°C, जबकि चंद्रपुर और वर्धा में 46°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. अकोला में 45.4°C और अमरावती में 45°C तापमान रहा.
महाराष्ट्र के अलावा, मध्य प्रदेश भी भीषण गर्मी की चपेट में है. खजुराहो में 46.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि ग्वालियर में पारा 45°C के करीब पहुंच गया. राजस्थान में कोटा का तापमान 45.6°C और चूरू का करीब 45°C दर्ज किया गया, जहां दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं.
हरियाणा के सिरसा में 46.2°C तापमान दर्ज किया गया है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया, जबकि बांदा में पारा 44°C से ज्यादा रहा. दिल्ली-NCR में भी कई इलाकों में तापमान 44 से 45°C के बीच बना हुआ है. पंजाब के कई हिस्सों में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं और तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है.
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. IMD ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर, वर्धा और अमरावती जिलों में 27 मई तक रेड अलर्ट जारी किया है, जहां सीवियर हीटवेव और रात में भी गर्मी बने रहने की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही नागपुर और अकोला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यवतमाल में भी हीटवेव की आशंका जताई गई है.
इसके अलावा राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों तक हीटवेव जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है.
वहीं, बढ़ते पारे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सीधे धूप में घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी है. विभाग का कहना है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं. इस दौरान ज्यादा से ज्यादा पानी पीते रहें, शरीर को आराम देने के लिए हमेशा हल्के कपड़े पहनें. साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का खास ध्यान रखने की सलाह दी है.
बदल सकता है मौसम का मिजाज
IMD के अनुसार, 28 मई के बाद कुछ राज्यों में मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है. महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
aajtak.in