भीषण गर्मी के बीच देशभर के कई हिस्सों में मौसम बदलता नजर आ रहा है. आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. ताजा पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है और अब इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है.
दिल्ली में भी तापमान में गिरावट देखी जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिन में राजधानी में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चल सकती हैं. इससे गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना बनेगा. वहीं आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 तो न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं.
उत्तरी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 17 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इसी दौरान छिटपुट बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट के साथ ठंड का एहसास बढ़ जाएगा.
पूर्वोत्तर भारत में मौसम काफी सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी है. असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के बीच तेज बारिश का अनुमान है. बाकी पूर्वोत्तर राज्यों में 17 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
मध्य और पूर्वी भारत में भी मौसम बदलते रहेंगे. विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 13 से 15 मार्च के बीच बारिश और गरज-चमक संभव है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.
पश्चिमी भारत में मौसम गर्म रहेगा. सौराष्ट्र और कच्छ में हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव का असर जारी रहेगा. गुजरात में भी तापमान काफी अधिक रहने की चेतावनी है. विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पिएं और धूप में कम समय बिताएं.
aajtak.in