सरकार ने सोमवार को एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी कर दी है. पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपए और डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. इसके बाद अब दिल्ली में डीजल की कीमत बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत बढ़कर 102.12 रुपये हो गई है. पिछले दस दिनों में ये चौथी बार है, जब सरकार ने ईंधन के दामों में बढ़ोतरी की है.
वहीं, ईंधन की कीमतों में अचानक हुए भारी इजाफे से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं. इस ताजा बढ़ोतरी ने आम आदमी की जेब पर सीधा असर डाला है, जिसके बाद पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों की भीड़ लगई, जहां कई लोग बढ़ी हुई कीमतों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि वैश्विक संकट के कारण ये कदम जरूरी था.
दिल्ली के मोती बाग स्थित एक पेट्रोल पंप पर आए ग्राहक ने बेहद परेशान होकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा, 'हम कीमतों में इस वृद्धि से बहुत ज्यादा परेशान हैं. कई जगहों पर तो अब डीजल भी नहीं दिया जा रहा है. इस गंभीर समस्या पर तुरंत चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि इससे टैक्सी ड्राइवरों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. सरकार को डीजल के रेट तुरंत कम करने चाहिए.'
बढ़ती कीमतों के बीच कुछ ग्राहकों का मानना है कि वैश्विक संकट के दौर में ये कदम जरूरी है. एक अन्य खरीदार ने कहा, 'ये बढ़ोतरी ठीक है, देश को सुरक्षित रखने के लिए सरकार को जो भी आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, वह उसे बिल्कुल करने चाहिए. ईंधन की कीमतों में ये सारा उछाल असल में चल रहे इजरायल युद्ध की वजह से हो रहा है.'
पेट्रोल के नए दाम
डीजल के नए दाम
वहीं, ईंधन के दाम बढ़ने से मिडिल क्लास (मध्यम वर्ग) के लोग काफी चिंतित दिखाई दे रहे हैं. एक अन्य खरीदार ने कहा, 'आम आदमी के लिए ये मुश्किल है... इसका असर हर चीज पर पड़ता है... हम देखेंगे कि सरकार इस संबंध में क्या कर सकती है.'
आपको बता दें कि हाल के दिनों में लगातार कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. ये दस दिनों में चौथी बार में जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है. 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी. इसके बाद 19 मई को एक और वृद्धि हुई, जब ईंधन की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. 23 मई को पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई, जिससे मौजूदा संशोधन दो हफ्ते से भी कम समय में चौथी वृद्धि है.
इसी बीच शनिवार को दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई जो मात्र 10 दिनों में तीसरी वृद्धि है. कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी में सीएनजी की कीमत अब 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जिससे दैनिक यात्रियों और परिवहन संचालकों पर अर्थिक बोझ और बढ़ गया है.
aajtak.in